राज्य

ACB अपने ही घर में 90 हजार रुपए रिश्‍वत लेते पकड़ा गया फूड इंस्पेक्टर: किया था एक लाख की मांग

ACB  रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में शासकीय उचित मूल्य दुकान की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर रिश्वत मांगने का खेल आखिरकार बेनकाब हो गया। एंटी करप्‍शन ब्‍यूरो ने की टीम ने फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार को 90 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

मामला तब सामने आया जब ग्राम विद्याडीह, मस्तुरी निवासी महेंद्र पटेल ने एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना था कि वे अपनी भाभी के स्वसहायता समूह के नाम पर संचालित उचित मूल्य दुकान का हस्तांतरण कराना चाहते थे। आवेदन एसडीएम कार्यालय में तीन माह से लंबित था, क्योंकि जांच प्रतिवेदन जमा नहीं किया जा रहा था।

एक लाख की मांग, फिर सौदेबाजी

शिकायत के अनुसार फूड इंस्पेक्टर ने जांच रिपोर्ट और आदेश करवाने के बदले एक लाख रुपये की मांग की। परेशान प्रार्थी ने रिश्वत देने के बजाय एसीबी से संपर्क किया। सत्यापन के दौरान रकम 90 हजार रुपये पर तय हुई।

घर पर ही रचा गया पूरा खेल

एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। जैसे ही आरोपी ने महावीर सिटी स्थित अपने निवास पर 90 हजार रुपये स्वीकार किए, टीम ने दबिश देकर उसे पकड़ लिया। पूरे घटनाक्रम ने विभाग में हड़कंप मचा दिया।

ACB भ्रष्टाचार पर कड़ी चोट

आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, अब आरोपी की संपत्ति और अन्य प्रकरणों की भी जांच हो सकती है।

यह कार्रवाई साफ संदेश देती है कि सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने वालों पर नजर रखी जा रही है और शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई होगी। बिलासपुर में इस गिरफ्तारी के बाद अन्य विभागों में भी हलचल तेज हो गई है।

Back to top button