
ACB Trap बिलासपुर। सेवानिवृत्त सरकारी सेवक से 54 हजार रुपए लेते एंटी करप्शन ब्यूरो () ने एक एकाउंटेंट को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एकाउंटेट ने ग्रेच्युटी व अन्य राशि निकलवाने के लिए सेवानिवृत्त पर्यवेक्षक से रिश्वत की मांग की थी।
मुगेली बीएमओ कार्यालय का मामला
रिश्वतखोरी का यह पूरा मामला मुंगेली बीएमओ कार्यालय का है। पकड़े गए एकाउंटेंट का नाम बृजेश सोनवानी है। वह मुंगेली बीएमओ कार्यालय में पदस्थ है।
सेवानिवृत्त पर्यवेक्षक ने की एकाउंटेंट की शिकायत
बीएमओ कार्यालय मुंगेली में पदस्थ एकाउंटेंट के खिलाफ ललित सोनवानी ने एसीबी के बिलासपुर कार्यालय में शिकायत की थी। ललित सोनवानी भी बीएमओ कार्यालय में ही कार्यरत थे। पर्यवेक्षक के पद से वे सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
ACB Trap यह है पूरा मामला
सेवानिवृत्त ललित सोनवानी ग्रेच्युटी समेत अन्य राशि निकलवाने का प्रयास कर रहे थे। इसके लिए वे बार- बार बीएमओ कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। इस संबंध में उन्होंने एकाउंटेंट बृजेश सोनवानी से संपर्क किया। पहले तो बृजेश ने घुमाया फिर भुगतान के एवज में 61 हजार रुपए की मांग कर दी।
रिश्वत मांगने की एसीबी में शिकायत
बृजेश सोनवानी के रिश्वत मांगें जाने से नाराज ललित सोनवानी ने पूरे मामले की एसीबी के बिलासपुर कार्यालय में शिकायत कर दी। बताया कि ग्रेच्युटी व अन्य भुगतान के लिए 61 हजार रुपए की मांग की जा रही है। एसीबी ने शिकायत का सत्यपान कराया तो रिश्वत की मांग सही पाई गई। इसके बाद एसीबी ने बृजेश सोनवानी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
ACB Trap 7 हजार पहले ही ले लिया, 54 लेते पकड़ा गया
बृजेश सोनवानी ने कुल 61 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी, इसमें से सात हजार रुपए वह पहले ही ले चुका था। 54 हजार रुपए बकाया था। यह रकम लेकर मंगलवार को ललित सोनवानी एकाउंटेंट बृजेश के पास पहुंचे और जैसे ही बृजेश सोनवानी ने रिश्वत अपने हाथ में लिया मौके की ताक में खड़े एसीबी के अफसरों ने उसे घेर लिया। एसीबी ने उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।




