Amitab Jain रायपुर। छत्तीसगढ़ के सेवानिवृत्त आईएएस अमिताभ जैन को सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। मुख्य सचिव के रुप में रिकार्ड कार्यकाल के साथ सेवानिवृत्त हुए अमिताभ जैन को छत्तीसगढ़ सरकार ने अब एक और बड़ा पद सौंप दिया है।
सरकार ने राज्य के पूर्व मुख्य सचिव अमिताभ जैन को छत्तीसगढ़ का मुख्य सूचना आयुक्त नियुक्त किया है। अमिताभ जैन राज्य के चौथे मुख्य सूचना आयुक्त हैं। यह पद लंबे समय से खाली था।
सरकार ने मुख्य सूचना आयुक्त के साथ ही सूचना आयुक्तों की भी नियुक्ति की है। सरकार ने सेवानिवृत्त आईएएस उमेश कुमार अग्रवाल और पत्रकार डॉ. शिरीष चंद्र मिश्रा को सूचना आयुक्त बनाया है।
छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग के पहले मुख्य सूचना आयुक्त एके विजयवर्गीय थे। उनका कार्यकाल सात नवंबर 2005 से छह नवंबर 2010 तक था।
छत्तीसगढ़ के दूसरे मुख्य सूचना आयुक्त सरजियस मिंज थे। विजयवर्गीय की ही तरह मिंज भी सेवानिवृत्त आईएएस थे। मिंज का कार्यकाल एक अप्रैल 2011 से 15 मार्च 2016 तक रहा।
मिंज के बाद फिर एक सेवानिवृत्त आईएएस एमके राउत को राज्य का तीसरा मुख्य सूचना आयुक्त बनाया गया। एमके राउत ने 13 दिसंबर 2017 को यह पद ग्रहण किया और वे 11 नवंबर 2022 तक इस पद पर रहे।
एमके राउत के सेवानिवृत्त होने के बाद से मुख्य सूचना आयुक्त का पद खाली रहा। इस दौरान सीआईसी के पद पर नियुक्ति के लिए दो बार आवेदन की प्रक्रिया हुई, लेकिन मामला कोर्ट तक पहुंच गया और इसकी वजह से लगातार विलंब होता चला गया। बीते साल नंबर में कोर्ट का फैसल आया। अब नियुक्ति का आदेश जारी किया गया है।
छत्तीसगढ़ के नए मुख्य सूचना आयुक्त 1989 बैच के आईएएस हैं। वे सबसे लंबे समय तक छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव रहे हैं। अमिताभ जैन 30 सितंबर 2025 को मुख्य सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए। अमिताभ जैन मूल रुप से छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं।