
Bageshwar Dham रायपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंड़ित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर छत्तीसगढ़ में राजनीतिक गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कथावाचक पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को कल का बच्चा बताते हुए पैसे बटोरने के लिए छत्तीसगढ़ आने का आरोप लगा दिया है। भूपेश बघेल के इस बयान को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
भाजपा के एजेंट की तरफ करते हैं काम
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर भाजपा के एजेंट की तरह काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे छत्तीसगढ़ में धार्मिक आयोजनों की आड़ में पैसा बटोरने आते है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि जब धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पैदा भी नहीं हुए थे, तब से मैं हनुमान चालीसा पढ़ रहा हूं। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कल का बच्चा है, वो हमें सनातन धर्म सिखाने चला है।
मेरा बेटा भी धीरेंद्र कृष्ण से 10 साल बड़ा है
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती कबीर साहेब और गुरु घासीदास की विचारधारा से जुड़ी है। यहां की आध्यात्मिक परंपरा बहुत पुरानी है। किसी बाहरी व्यक्ति से सीखने की जरूरत नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से उनका बेटा भी उम्र में 10 साल बड़ा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने दी शास्त्रार्थ की चुनौती
भूपेश बघेल ने पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दिव्य दरबार को लेकर भी सवाल उठाए। कहा कि अगर वहां लोग ठीक हो रहे हैं, तो फिर मेडिकल कॉलेज खोलने की जरूरत क्यों पड़ रही है। साथ ही उन्होंने पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को खुली चुनौती दी कि वे छत्तीसगढ़ के किसी भी साधु-संत से शास्त्रार्थ कर लें।
मुख्यमंत्री ने जताया एतराज
पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री के बयान पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कड़ा एतराज किया है। शनिवार को दुर्ग रवाना होने से पहले उन्होंने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि भारत ऋषि-मुनियों और संत परंपरा का देश है, और पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को किसी राजनीतिक दल का एजेंट बताना सीधे-सीधे सनातन परंपरा का अपमान है। संत-महात्मा समाज को जोड़ने का काम करते हैं। संतों के खिलाफ इस तरह की राजनीतिक टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आस्था और आध्यात्म को राजनीति से अलग रखा जाना चाहिए।
ऐसे शुरू हुआ विवाद
इस विवाद की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने की। पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भिलाई में कथा चल रही है, उनके यहां आगमन से पहले पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने पं. शास्त्री पर अंधविश्वास फैलाने का आरोप लगाया था। बुधवार को जब पं. शास्त्री छत्तीसगढ़ पहुंचे तो पत्रकारों ने पूर्व सीएम के बयान पर उनकी प्रतिक्रिया ली। इस पर बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर पं. शास्त्री ने कहा कि वे किसी राजनीतिक व्यक्ति पर टिप्पणी नहीं करते हैं, लेकिन हिंदू समाज को जोड़ना किसी को अंधविश्वास लगात है तो उसे भारत छोड़ देना चाहिए।



