Site icon Chatur Post

Bijali bill Half बिजली बिल हाफ योजना पर पूर्व CM भूपेश ने सरकार से पूछे 4 सवाल: खपत 400 यूनिट से अधिक हुई तो क्या होगा…?

Bhupesh Baghel

Bijali bill Half  रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार बिजली बिल हाफ योजना को लेकर बैकफुट पर है। योजना का दयारा 400 से घटाकर 100 यूनिट करने के तीन महीने के भीतर ही सरकार को फिर इसमें बदलाव करना पड़ गया है। सरकार ने फिर एक बार 400 यूनिट तक की खपत वालों को योजना में शामिल किया है।

कैबिनेट की बैठक में लिया गया फैसला

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में बुधवार को कैबिनेट की हुई बैठक में योजना में बदलाव का निर्णय लिया गया। इसके अनुसार अब 400 यूनिट तक की खपत वाले घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को अगले एक साल तक बिजली बिल हाफ योजना का लाभ मिलेगा।

जनता के सवालों को पूर्व सीएम ने दी आवाज

राज्य सरकार के इस फैसले के बाद योजना में किए गए बदलाव को लेकर जनता के मन में कई सवाल उठने लगे हैं। जनता के इन सवालों को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आवाज दी है।

सीएम और सीएमओ को टैग

बिजली बिल हाफ को लेकर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया में मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) और मुख्यमंत्री टैग करते हुए सवाल पूछा है। यह वो सवाल हैं जो जनता के मन में उठ रहे हैं।

यह है पूर्व मुख्यमंत्री के सवाल

1. यदि कोई घरेलू बिजली उपभोक्ता 400 यूनिट से अधिक बिजली का उपयोग करता है तो क्या उसे बिजली बिल हॉफ योजना का लाभ मिलेगा? क्या उसे भी 100 यूनिट फ्री मिलेंगे? या उसे पूरा बिजली बिल भरना पड़ेगा?

2. क्या आपकी यह बिजली बिल योजना सिर्फ अगले एक वर्ष के लिए है?

3. यदि कोई उपभोक्ता साल में एक बार भी किसी माह यदि 400 यूनिट से अधिक बिजली उपयोग करता है, तो क्या वह साल भर इस योजना का लाभार्थी बना रहेगा?

4. आखिरी बात ये कि आपकी इस छूट से अगर इतनी बचत हो जाने वाली है कि सोलर सिस्टम लगाया जा सके, तो क्या आप उपभोक्ताओं को यह छूट भी देंगे कि अगर वे बिजली बिल में छूट न लें तो सरकार सोलर पैनल मुफ़्त में लगाकर दे देगी?

इस वजह से संशय

दरअसल,  राज्य सरकार ने योजना का दयारा 400 यूनिट से घटाकर 100 किया तो ऐसे उपभोक्ता जिनकी खपत 100 यूनिट से ज्यादा है, वे सभी योजना के दायरे में बाहर हो गए, जबकि कांग्रेस सरकार की योजना में ऐसा नहीं होता था। 400 यूनिट तक की खपत तक सभी उपभोक्ताओं को लाभ मिलता था।

Exit mobile version