
Biometric attendance रायपुर। छत्तीसगढ़ मंत्रालय (महानदी भवन) में आज से आधार सक्षम बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली के माध्यम से ही अवर सचिव और उनसे वरिष्ठ सभी अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। कार्यालय में उपस्थित होने और कार्यालय के बाद वापस जाने के समय उनकी बायोमेट्रिक आधारित उपस्थिति दर्ज की जाएगी।
ऐसे दर्ज होगी उपस्थिति
आधार सक्षम बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली के लिए मोबाइल में आधार बेस एप के माध्यम से अथवा प्रवेश द्वार के पास स्थापित बायोमेट्रिक डिवाइस या कंप्यूटर में थम्ब स्कैनर का उपयोग करते हुए उपस्थिति दर्ज करा सकते हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
इस वजह से लागू की गई है यह व्यवस्था
छत्तीसगढ़ सरकार ने पारदर्शिता, समयपालन व प्रशासनिक कार्यकुशलता को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए महानदी भवन व इन्द्रावती भवन में कार्यरत सभी विभागों सहित प्रदेश के अन्य शासकीय कार्यालयों में आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया है।
जनवरी से संचालनालयों और विभागाध्यक्ष कार्यालयों में भी
फेसियल ऑथेंटिकेशन आधारित उपस्थिति प्रणाली और दीवार पर लगाए गए आधार-सक्षम बायोमेट्रिक उपकरणों का ट्रॉयल किया जा चुका है। 1 जनवरी 2026 से यह प्रणाली सभी संचालनालयों व विभागाध्यक्ष कार्यालयों में भी लागू कर दी जाएगी। फिलहाल मंत्रालय में अवर सचिव या उससे वरिष्ठ अधिकारियों की बायोमेट्रिक आधारित उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
सभी प्रवेश द्वारों पर बायोमेट्रिक डिवाइसेस
सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी प्रवेश द्वारों पर आधार सक्षम बायोमेट्रिक उपकरण स्थापित कर दिए हैं और नोडल अधिकारियों का प्रशिक्षण भी पूरा कर लिया है, जिससे व्यवस्थित और निर्बाध क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
कर्मचारियों में असमंजस की स्थिति
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा मंत्रालय में अवर सचिव से नीचे के कर्मचारियों की बायोमेट्रिक आधारित उपस्थिति के संबंध में फिलहाल कोई स्पष्ट निर्देश जारी नहीं किए गए हैं। इससे कर्मचारियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। बाद में सभी कर्मचारियों के लिए बायोमेट्रिक आधारित उपस्थिति अनिवार्य की जानी है। मंत्रालय में सुबह 9 बजे से कार्यालयीन समय को लेकर भी संशय की स्थिति है। हालांकि कुछ महीने के लिए इसे स्थगित किया गया है। वर्तमान में कार्यालय सुबह 10 बजे से शाम 5.30 बजे तक ही संचालित हो रहा है।
उपस्थिति दर्ज करने के तरीके
नए प्रोटोकॉल के अनुसार प्रत्येक कर्मचारी को रोजाना दो बार प्रवेश के समय ‘इन’ और प्रस्थान के समय ‘आउट’ उपस्थिति दर्ज करनी होगी। इसके लिए दो विकल्प उपलब्ध किए गए हैं। पहला मोबाइल एप के माध्यम से फेसियल ऑथेंटिकेशन। इसके तहत कर्मचारी अपने स्मार्टफोन पर आधार आधारित फेसियल वेरिफिकेशन के माध्यम से इन/आउट उपस्थिति दर्ज कर सकेंगे। यह प्रणाली सुविधा व बायोमेट्रिक सुरक्षा दोनों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। दूसरा प्रवेश द्वारों पर लगे आधार-सक्षम बायोमेट्रिक उपकरण। मंत्रालय भवन के प्रमुख प्रवेश द्वारों पर दीवार पर धग्ब-बेस्ड आधार सक्षम बायोमेट्रिक डिवाइसेज स्थापित किए गए हैं, जिनके माध्यम से कर्मचारी उपस्थिति दर्ज कर सकेंगे।




