
रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की दो दिवसीय बड़ी बैठक आज से राजधानी स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में शुरू हो गई है। यह बैठ ऐसे समय में हो रही है जब पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों के चुनाव संपन्न होने के साथ ही भाजपा के भीतर बड़े बदलावों की सुगबुगाहट तेज है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अब अपनी नई ‘कोर टीम’ बनाने की तैयारी में हैं। चूंकि नबीन लंबे समय तक छत्तीसगढ़ के प्रभारी रहे हैं और उन्हीं के रणनीतिक कौशल से राज्य में भाजपा की सत्ता वापसी हुई है, इसलिए माना जा रहा है कि उनकी नई टीम में छत्तीसगढ़ के नेताओं का दबदबा रहेगा।
भाजपा बदलाव की चर्चा क्यों
दरअसल, भाजपा के नवनियुक्ति नितिन नबीन अब अपनी नई टीम गठित करेंगे। नबीन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तो बन गए हैं, लेकिन अभी संगठन पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा वाली ही चल रही है। नबीन की नई टीम में छत्तीसगढ़ के कई बड़े नेताओं को शामिल किए जाने की चर्चा है।
छत्तीसगढ़ के नेताओं को इस वजह से ज्यादा उम्मीद
नबीन अभी भी छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी हैं। छत्तीसगढ़ में उन्होंने सह प्रभारी के रुप में काम करना शुरू किया था। उन्हीं के नेतृत्व में भाजपा ने छत्तीसगढ़ की सत्ता में वापसी की। नबीन प्रदेश के संगठन और सत्ता में शामिल ज्यादातर नेताओं को करीब से जानते हैं। इनमें कुछ इनके बेहद करीबी भी हैं। इसी वजह माना जा रहा है कि प्रदेश के कुछ नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में स्थान मिल सकता है।
इन नामों की चर्चा
नबीन की नई टीम में छत्तीसगढ़ के जिन नेताओं को शामिल किए जाने की चर्चा है उनमें सरोज पांडेय और लता उसेंडी के साथ अजय चंद्राकर के अलावा कुछ और नाम शामिल हैं। हालांकि पार्टी सूत्रों का दावा है कि नबीन की टीम में युवाओं को तवज्जो दिया जाएगा। 45 या उससे कम उम्र के लोग ही उनकी टीम में शामिल होगे।
इस एक नाम की चर्चा सबसे ज्यादा
नबीन की नई टीम को लेकर अटकलों का दौर चल रहा। छत्तीसगढ़ के कई नेताओं के नामों के बीच एक नाम को लेकर बड़ा दावा सामने आया है। कहा जा रहा है कि नबीन की टीम में छत्तीसगढ़ से चाहें कोई शामिल हो या न हो पर वो जरुर शामिल होगें।
यह दावा छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा को लेकर किया जा रहा है। युवा और जुझारु नेता की पहचान रखने वाले विजय शर्मा पहली बार के विधायक हैं, लेकिन भाजपा के हार्डकोर में शामिल हैं। उन्हें राष्ट्रीय संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।
चर्चा भी नहीं और बन गए डिप्टी सीएम
छत्तीसगढ़ में 2023 में भाजपा की सत्ता में वापसी के बाद सरकार गठन के दौरान मंत्री बनने वालों की सूची में विजय शर्मा के नाम की चर्चा भी नहीं थी, लेकिन वे डिप्टी सीएम बना दिए गए। विजय शर्मा प्रदेश के गृह मंत्री हैं। प्रदेश में नक्सलवाद के खात्मे में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि भाजपा के अमित शाह भी विजय शर्मा के कामकाज से बेहद प्रसन्न हैं। अभी पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में भी विजय शर्मा को पार्टी संगठन की तरफ से जिम्मेदारी दी गई थी।
प्रदेश संगठन में बदलाव की संभावना
नबीन की नई टीम के साथ प्रदेश संगठन में भी कुछ बदलाव की संभावना बन रही है। संगठन में यह बदलाव के तार सत्ता में फेरबदल से जुड़े हैं। टीम किरण सिंहदेव भी कुछ युवा और नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है।
सत्ता का भी बदलेगा समीकरण
सियासी गलियरों में भाजपा संगठन के साथ ही सत्ता में भी बदलाव की चर्चा धीरे-धीरे जोर पकड़ने लगी है। विजय शर्मा के राष्ट्रीय संगठन में जाने के साथ ही प्रदेश सरकार में डिप्टी सीएम का पद रिक्त होगा। इसके साथ ही सरकार का कार्यकाल ढाई साल से ज्यादा का हो गया है। सत्ता में बैठे लोगों की रिपोर्ट कार्ड राष्ट्रीय स्तर पर तैयार की जा रही है। माना जा रहा है कि इसके आधार पर कैबिनेट में भी फेरबदल हो सकता है। दबी जुबान में बड़े स्तर पर बदलाव का दावा किया जा रहा है। यानी सरकार का पूरा चेहरा बदले जाने की चर्चा चल रही है।
Also read सांसद ने PM मोदी को लिखी चिट्ठी, पुराने पेंशनरों के लिए उठाई आवाज; 📍OPS समेत रखी ये 10 बड़ी मांगें







