
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 2012 बैच के तेजतर्रार आईएएस अधिकारी रजत बंसल को जनसंपर्क विभाग की कमान सौंपी है। राज्य सरकार ने उन्हें आयुक्त, जनसंपर्क (CPR) के साथ-साथ ‘संवाद‘ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है।
मुख्यमंत्री सचिवालय में मिली पदस्थापना
रजत बंसल वर्तमान में सुशासन एवं अभिसरण विभाग के विशेष सचिव के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। नई नियुक्तियों के तहत अब वे मुख्यमंत्री सचिवालय में विशेष सचिव के पद पर पदस्थ किए गए हैं। इसके साथ ही वे संचालक (भौमिकी एवं खनिकर्म) और छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम के प्रबंध संचालक (MD) का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे।
डॉ. रवि मित्तल जाएंगे दिल्ली, PMO में मिली पोस्टिंग
यह बदलाव मौजूदा जनसंपर्क आयुक्त डॉ. रवि मित्तल के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के कारण हुआ है। डॉ. मित्तल को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में उप सचिव नियुक्त किया गया है, जिसके बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने उन्हें कार्यमुक्त करने का निर्णय लिया है।
प्रोफाइल: इंफोसिस की नौकरी से लेकर IAS बनने तक का सफर
मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले रजत बंसल का जन्म 25 जुलाई 1988 को हुआ। उनके पिता वन सेवा के अधिकारी रहे हैं, जिससे प्रशासनिक सेवा के संस्कार उन्हें विरासत में मिले।
- शिक्षा: लखनऊ के लॉ मार्टिनियर और दिल्ली के DPS आरके पुरम से स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने BITS पिलानी से कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग की।
- अनुभव: यूपीएससी चयन से पहले उन्होंने पुणे में इंफोसिस जैसी प्रतिष्ठित कंपनी में जूनियर रिसर्च एसोसिएट के तौर पर काम किया।
- दो बार क्रैक की UPSC: रजत बंसल ने नौकरी के साथ तैयारी की और पहले ही प्रयास में 168वीं रैंक हासिल कर IPS (पश्चिम बंगाल कैडर) बने। लेकिन उनका लक्ष्य IAS था, इसलिए उन्होंने दोबारा परीक्षा दी और 85वीं रैंक के साथ IAS बनकर अपने सपने को पूरा किया।
छत्तीसगढ़ में शानदार करियर ग्राफ
3 सितंबर 2012 को आईएएस सेवा जॉइन करने के बाद रजत बंसल ने प्रदेश के कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी छाप छोड़ी है:
- कलेक्टर के रूप में: वे धमतरी, बस्तर और बलौदाबाजार-भाटापारा जैसे जिलों के सफल कलेक्टर रहे हैं।
- प्रशासनिक अनुभव: रायपुर नगर निगम कमिश्नर, जिला पंचायत CEO (राजनांदगांव व सूरजपुर) और मनरेगा आयुक्त के रूप में उनका कार्य सराहनीय रहा है।
- वर्तमान भूमिका: नई जिम्मेदारी से पहले वे वाणिज्य कर आयुक्त और प्रधानमंत्री आवास योजना के संचालक की भूमिका निभा रहे थे।
अपनी तकनीकी पृष्ठभूमि और प्रशासनिक पकड़ के कारण रजत बंसल को सरकार के संवाद और जनसंपर्क तंत्र को नई ऊंचाई देने के लिए उपयुक्त माना जा रहा है।







