
BSNL रायपुर। भारत संचार निगम लिमिटेड बीएसएनएल उपभोक्ताओं की बढ़ती मांग को देखते हुए एक बार फिर से एक रुपया वाला प्लान लेकर आया है। इस प्लान में 30 दिन तक रोजाना 2 जीबी डेटा मिलता है। इसके साथ ही अनलिमिटेड कालिंग का भी फायदा होता है। कंपनी ने इसकी घोषणा अपने सोशल मीडिया अकाउंट में की है और लिखा है कि अब सिर्फ एक रुपए में आपको सच्ची आजादी मिलेगी। प्लान की वैधता 30 दिन की है, यानी आप एक महीने इसका फायदा उठाया सकते हैं।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार यह शानदार ऑफर एक रुपये वाला प्लान एक दिसंबर से शुरू हो गया है और 31 दिसंबर तक चलेगा। यह प्लान देश के सभी टेलीकाम सर्कल में उपलब्ध है। लेकिन यह सिर्फ नए ग्राहकों के लिए है। मतलब जिन लोगों के पास पहले से बीएसएनएल का सिम नहीं है, वे ही एक रुपये में नया सिम लेकर यह फायदा उठा सकते हैं। पुराने ग्राहक इस आफर का लाभ नहीं ले पाएंगे।
यह मिलेगा फायदा
1. रोजाना 2 जीबी हाई-स्पीड 4जी डेटा
2. पूरे देश में किसी भी नेटवर्क पर अनलिमिटेड फ्री कॉलिंग
3.नेशनल रोमिंग भी फ्री मिलेगी
4. रोजाना 100 एसएमएस फ्री
इस वर्ष अगस्त में आया था प्लान
मालुम हो कि बीएसएनएल का यह प्लान इस वर्ष एक अगस्त से लेकर 31 अगस्त के बीच चलाया गया था। उस समय भी नए ग्राहकों को एक रुपए में सिम के साथ 30 दिन की वैधता, अनलिमिटेड कालिंग, रोज 2 जीबी डेटा और 100 एसएमएस मिले थे। ग्राहकों को इतना पसंद आया कि कंपनी ने फिर से इसे लाने का फैसला किया। उपभोक्ताओं की बढ़ती मांग के कारण इसे 15 सितंबर तक बढ़ा दिया गया था। अब एक बार फिर से इस महीने लाया गया है।
छात्रों के लिए लर्नर्स प्लान
बीएसएनएल ने छात्रों के लिए बहुत ही अच्छा प्लान लाया है,इसे लर्नर्स प्लान नाम दिया गया है। इसमें सिर्फ 251 रुपये में 28 दिन के लिए 100 जीबी डेटा, अनलिमिटेड कालिंग और रोज 100 एसएमएस मिलते हैं। यह आफर 13 दिसंबर तक चलेगा।
बीएसएनएल की छलांग
बताया जा रहा है कि बीएसएनएल ने 4जी लांच करने के बाद कई सारे ऐसे प्लान शुरू किए हैं, जिससे ग्राहकों को आकर्षित किया जा सकता है। इससे पहले ग्राहक सरकारी कंपनी की धीमी नेटवर्क स्पीड के चलते दूर हो गए थे, लेकिन ऐसे प्लान लाकर उन्हें एक बार फिर जोड़ा जा रहा है। पिछले दिनों ट्राई की रिपोर्ट में यह बात सामने आई थी कि बीएसएनएल के ग्राहक फिर बढऩे शुरू हो गए हैं। निजी कंपनियों को यह कड़ी टक्कर दे रहा है।




