Budget 2025 विष्णु कैबिनेट की बैठक 22 को, अनुपूरक बजट के साथ इन विषयों पर हो सकती है चर्चा

Budget 2025 रायपुर। छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय कैबिनेट की बैठक 22 फरवरी को प्रस्तावित है। यह बैठक मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मंत्रालय में सुबह साढ़े 11 बजे होगी। बैठक के दो दिन बाद 24 फरवरी से विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो रहा है। ऐसे में इस बैठक में कैबिनेट में मुख्य रुप से विधानसभा से संबंधित विषयों पर चर्चा होगी।
धर्मांतरण रोकथाम विधेयक पर हो सकती है चर्चा
धर्मांतरण रोकने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने नया कानून बनाया है। सूत्रों के अनुसार 22 फरवरी को कैबिनेट की बैठक में विधेयक को अनुमोदन के लिए रखा जा सकता है। कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद इसे बजट सत्र के दौरान विधानसभा में पेश किया जाएगा। बात दें कि भाजपा ने धर्मांतरण रोकने के लिए कानून बनाने का वादा किया था।
Budget 2025 राज्य सरकार पेश करेगी अनुपूरक बजट
छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान राज्य सरकार की तरफ से चालू वित्तीय वर्ष के लिए अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। यह चालू विततीय वर्ष का तीसरा अनुपूरक बजट होगा। वित्तीय वर्ष 2024-25 का मुख्य बजट एक लाख 47 हजार 446 करोड़ रुपये का था। पहला अनुपूरक बजट 7329 करोड़ और दूसरा अनुपूरक बजट 805 करोड़ 71 लाख 74 हजार रुपये का था। तीनों बजट को मिलाकर चालू वित्तीय वर्ष के बजट का आकार बढ़कर एक लाख 55 हजार 580 करोड़ रुपये हो गया है।
Budget 2025 राज्यपाल के अभिभाषण और नए बजट का भी अनुमोदन
कैबिनेट की बैठक में राज्यपाल के अभिभाषण को भी अनुमोदन के लिए रखा जा सकता है। बता दें कि बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होती है। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट भी अनुमोदन के लिए कैबिनेट में रखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि बजट सत्र के दौरान राज्य सरकार कुछ विधेयकों में संशोधन करेगी। इसका प्रस्ताव भी कैबिनेट की मंजूरी के लिए रखा जा सकता है।