
CG News रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं हिंदी का पर्चा लीक होने के मामले में माशिमं की तरफ से पुलिस में शिकायत की गई है। हालांकि माशिमं की तरफ से पेपर लीक होने की संभावना से इनकार किया जा रहा है, लेकिन एहतियातन जांच के लिए मामला पुलिस को सौंपा गया है।
14 मार्च हो हुआ था हिंदी का पेपर
12वीं के जिस हिंदी के पेपर के लीक होने की बात कही जा रही है वह 14 तारीख को हो चुकी है। इस बीच एनएसयूआई ने लीक होने का आरोप लगाया और सोशल मीडिया में पेपर शेयर भी किया।
मीडिया में आई खबरों के बाद पुलिस में शिकायत
माशिमं की तरफ से जारी बयान के अनुसार हिंदी का पेपर सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया, लेकिन 15 मार्च को सोशल मीडिया में पेपर लीक होने की जानकारी आई। इसके बाद 16 मार्च को मीडिया में भी इस संबंध में खबरें प्रसारित हुई।
बी-सेट से मैच हो रहा है पेपर
सोशल मीडिया में वायरल हो रहा पेपर कथित तौर पर हिंदी के बी- सैट से मैच हो रहा है। यह दावा एनएसयूआई ने किया है। माशिमं के अनुसार सोशल मीडिया में वायरल हुा पर्चा हस्तलिखित और अस्पष्ट है। इसी वजह से उसका परीक्षण संभव नहीं हो पाए। ऐसे में माशिमं ने इस मामले में पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया है।
पेपर लीक से इनकार
इस संबंध में माशिमं के सचिव की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि सोशल मीडिया में वायरल सामग्री परीक्षा पूरी होने के बाद सामने आया। ऐसे में प्रथम दृष्टया पेपर के लीक होने के रुप में नहीं माना जा सकता। इसके बावजूद मामले को गंभीरता से लेते हुए शिकायत दर्ज कराई गई है।
शिकायत मिली है, जांच के बाद एफआईआर
इस मामले में पुलिस अफसरों ने बताया कि पेपर लीक के संबंध में माशिमं की तरफ से लिखित शिकायत मिली है, उसे जांच में लिया गया है। जांच में जो तथ्य आएंगे उसके आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।




