
CG News रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के आंदोलन का छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ ने समर्थन करने की घोषणा की है। संघ के अध्यक्ष संजय ठाकुर और कार्यकारी अध्यक्ष उमेश भारती गोस्वामी ने फेडरेशन को समर्थन का पत्र सौंप दिया है।
संघ के अध्यक्ष ठाकुर और कार्यकारी अध्यक्ष गोस्वामी ने इस संबंध में संगठन के प्रदेश और विकासखंड के पदाधिकारियों, प्रकोष्ठ के संयोजकों और सदस्यों पत्र जारी किया है।
इसमें कहा गया है कि छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन द्वारा मोदी की गारंटी के तहत शासकीय सेवकों को केन्द्र के समान देय तिथि से मंहगाई भत्ता, जुलाई 2019 से लंबित मंहगाई भत्तों के एरियर्स राशि को जी.पी.एफ. खातों में समायोजन करने, लिपिकों सहित विभिन्न संवर्गों के वेतन विसंगति दूर करने, अर्जित अवकाश का नगदीकरण 300 दिवस करने, चार स्तरीय समयमान वेतनमान लागू करने, कैशलेश सुविधा तथा प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना कर सम्पूर्ण लाभ देने सहित ११ सूत्रीय मांगों के समर्थन में दिनांक 29 दिसंबर से 31 दिसंबर 2025 तक घोषित कलम बंद-काम बंद आन्दोलन किया जा रहा है।
शासन द्वारा कर्मचारियों से किए गए वायदों की अनदेखी के विरोध में यह आन्दोलन अत्यंत महत्वपूर्ण है। अतः सभी शिक्षक सामूहिक अवकाश लेकर जिले की रैली एवं धरना-प्रदर्शन में शामिल होकर फेडरेशन के साथ संबद्धता एवं शिक्षक कर्मचारी एकता का परिचय दें।
१. सभी पदाधिकारी एवं सदस्य अधिकतम संख्या में आन्दोलन में सहभागी बनें।
२. सोशल मीडिया एवं स्थानीय समाचार पत्रों के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रचार करें।
३. सामूहिक अवकाश भरने हेतु एक विशेष अभियान चलायें।
४. फेडरेशन के सभी सूचनाएं अपने-अपने समूहों में साझा करें।




