
Winter session रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में बुधवार को प्रश्नकाल हंगामें की भेंट चढ़ गया। हंगामें के कारण बुधवार को प्रश्नकाल नहीं चल पाया। लगातार दो बार कार्यवाही स्थगित करने के बाद भी जब मामला शांत नहीं हुआ तो अध्यक्ष ने कार्यवही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
नारेबाजी से बाधित हुई कार्यवाही
बुधवार को सदन में जमकर नारेबाजी हुई। सदन में पोस्टर लगाकर पहुंचे कांग्रेस विधायकों को निशाना साधते हुए भाजपा के सदस्यों ने नारेबाजी की। भाजपा के सदस्यों ने कांग्रेसी विधायकों को गांधी परिवार का चाटुकार और गांधी परिवार का नौकर चाकर कहा। इसके जवाब में कांग्रेस के सदस्यों ने भाजपा को अडानी का गुलाम और अडानी का दलाल कहा।
यह गांधी परिवार के प्रति निष्ठा दिखाने का मंच नहीं
भाजपा विधयक अजय चंद्राकर ने कहा कि यह गांधी परिवार के प्रति निष्ठा दिखाने का मंच नहीं है। पोस्टर लगाकर सदन में पहुंचे कांग्रेस विधायकों को अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने तीसरी बार समझाया। कहा कि नियमानुसार कोई भी सदस्य सदन में बैनर पोस्टर लेकर नहीं आ सकता। उन्होंने कहा कि इस तरह बैनर पोस्टर लगाए रखेगें तो सदन की कार्यवाही नहीं चल सकेगी। उन्होंने कहा कि मैं फिर एक बार सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर रहा हूं, आप लोग यह निकाल कर आएं।
यह है मामला
दरअसल, कांग्रेस के विधायक सत्यमेय जयते और वंदे मातरम का पोस्टर अपने शरीर पर चस्पा करके आए थे। इसके जरिये वे कोर्ट के उस फैसले का स्वागत कर रहे थे, जिसमें कोर्ट ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की कार्यवाही को गलत ठकराया है।
नहीं चल सका प्रश्नकाल
हंगामा के कारण बुधवार को प्रश्नकाल नहीं चल सका। कांग्रेस विधायकों के बैनर- पोस्टर लगाकर सदन में आने पर भाजपा की तरफ से आपत्ति की गई। इसी वजह से सदन में बार- बार हंगामा होता रहा। सदन की कार्यवाही दो बार 10- 10 मिनट के लिए स्थगित की गई, लेकिन जब मामला शांत नहीं हुआ तो अध्यक्ष ने करीब 11: 40 बजे दोपहर 12 बजे तक के लिए कार्यवाही स्थगित कर दी।




