September 21, 2024

Chatur Post

केवल सरोकार की खबर

CG News: हड़ताल पर फेडरेशन ने की स्थिति स्‍पष्‍ट: डीए की मांग को लेकर 27 को सामूहिक अवकाश पर रहेंगे प्रदेश के कर्मी

1 min read

CG News: रायपुर। छत्‍तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारी- अधिकारी 27 सितंबर को एक दिवसीय सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। यह आह्वान छत्‍तीसगढ़ कर्मचारी- अधिकारी फेडरेशन ने किया है।

फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा ने कहा कि 27 तारीख की हड़ताल निश्चित है। इसमें किसी भी तरह का कोई बदलाव नहीं किया गया है। आंदोलन को असफल बनाने के लिए कुछ लोग भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

फेडरेशन के नेताओं ने बताया कि डीए सहित चार सूत्रीय मांगों को लेकर फेडरेशन अपने आंदोलन को जारी रखेगा। आंदोलन के चौथे चरण में 27 सितंबर को प्रदेश के सभी अधिकारी- कर्मचारी सामूहिक अवकाश लेकर हड़ताल पर रहेंगे।

बता दें कि फेडरेशन विभिन्‍न कर्मचारी संगठनों का संयुक्‍त संगठन है। इसमें सौ से ज्‍यादा कर्मचारी संगठन शामिल हैं। प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने बताया कि 27 सितंबर की हड़ताल को सफल बनाने के लिए सभी घटक दल और कर्मचारी नेता पूरे उत्‍साह के साथ जुटे हुए हैं।

फेडरेशन और उसके घटक दल के नेता प्रदेशभर के शासकीय कार्यालयों में जाकर सभी से हड़ताल को सफल बनाने की अपील कर रहे हैं। कर्मचारी नेताओं ने बताया कि आंदोलन को व्‍यापक समर्थन मिल रहा है।

CG News जानिए..क्‍या है फेडरेशन की मांग

फेडरेशन प्रदेश की भाजपा सरकार से मोदी की गारंटी लागू करने की मांग कर रहा है। भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों से भी वादा किया था। इसमें एक जनवरी 2024 से केंद्र के समान महंगाई भत्‍ता देने का वादा शामिल है। अभी प्रदेश के कर्मचारियों को 46 प्रतिशत डीए मिल रहा है, जबकि केंद्रीय कर्मियों को 50 प्रतिशत मिल रहा है।

इसके साथ ही भाजपा ने जुलाई 2019 से बकाया महंगाई भत्‍ता का एरियर्स भी देने का वादा किया है। कर्मचारी इसे जीपीएफ में समायोजित करने की मांग कर रहे हैं। घोषणा पत्र में सरकारी कर्मचारियों को चार स्‍तरीय वेतनमान, केंद्रीय कर्मचारियों के समान गृह भाड़ा भत्‍ता (एचआरए) देने के साथ ही अर्जित अवकाश नगदीकरण की सीमा 240 से बढ़कार तीन सौ दिन करना शामिल है।

उल्‍लेखनीय है कि इन मांगों को लेकर फेडरेशन की तरफ से महीनेभर पहले चरणबद्ध आंदोलन चलाया जा रहा है। इमसें नवा रायपुर में मशाल रैली निकाली गई। इसके बाद जिलों में भी मशाल रैली निकालकर मुख्‍यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इससे पहले प्रदेश के सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को पत्र लिखकर अपनी मांगों से अवगत कराया गया।

भाजपा सांसद का मिला साथ CG News

दुर्ग सांसद विजय बघेल फेडरेशन की मांगों का खुलकर समर्थन कर रहे हैं। उन्‍होंने इस मामले में मुख्‍यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर कर्मचारियों की मांग शीघ्र पूर करने का आग्रह किया है। भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष किरण देव ने भी फेडरेशन की तरफ से सौंपे गए पत्र के आधार पर मुख्‍यमंत्री को पत्र लिखकर कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरत से विचार करने का आग्रह किया गया है।

CG News: फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा और प्रांतीय प्रवक्ता चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि 4 सूत्रीय प्रमुख मांगो को लेकर 27 सितंबर को राज्य के लाखों कर्मचारी- अधिकारी हड़ताल पर रहेंगे।

फेडरेशन के हड़ताल की तैयारी को लेकर राजधानी रायपुर में एक बड़ी बैठक आयोजित की गई। इसमें फेडरेशन जुड़े विभिन्न संगठनों के प्रांताध्यक्ष और जिला संयोजक शामिल हुए। सभी ने हड़ताल को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाए जाने का निर्णय लिया है।

कर्मचारी नेता चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि फेडरेशन ने कर्मचारी मांगो को लेकर 4 स्तरीय आंदोलन किए जाने की घोषणा की है। 3 चरण के आंदोलन के बाद भी राज्य सरकार ने कर्मचारियों के जायज मांगों को पूरा नहीं किया है।

इसकी वजह से फेडरेशन से जुड़े संगठनों के लाखों कर्मचारी एकदिवीय टोकन स्ट्राइक ( हड़ताल ) में शामिल होंगे। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे।

जानिए.. दशहरा और दीपावली में कितने दिन की रहेगी छुट्टी, सरकार ने जारी किया आदेश

यह भी पढ़ि‍ए…  छत्तीसगढ़ पुलिस के अब तक के डीजीपी और उनका कार्यकाल

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Developed & Hosted By: Simpli Life .