कर्मचारी हलचल

CG News मुख्‍य सचिव से मिला फेडरेशन का प्रतिनिधिमंडल: DA समेत 11 सूत्रीय मांगों पर दिया विस्तृत प्रस्तुतिकरण

CG News  रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के कर्मचारियों की 11 सूत्रीय मांगों को लेकर शुक्रवार को मुख्य सचिव विकास शील से भेंट की। इस अवसर पर फेडरेशन ने अपनी मांगों को विस्तार से मुख्य सचिव के समक्ष प्रस्तुत किया।

मुख्य सचिव ने धैर्यपूर्वक सभी बिंदुओं को सुना और कहा कि सरकार कर्मचारियों की जायज मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर है। उन्होंने आश्वस्त किया कि कर्मचारी हितों को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही ठोस और सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।

इन मांगों पर हुई चर्चा

प्रदेश संयोजक कमल वर्मा ने केंद्र के समान 3 प्रतिशत डीए देय तिथि से स्वीकृत करने, डीए एरियर्स कि राशि को जीपीएफ खाते में समायोजन करने, 300 दिवस अर्जित अवकाश नगदीकरण, चार स्तरीय समयमान वेतनमान, वेतन विसंगति, लिपिकों के पदनाम परिवर्तन व वेतन सुधार, कैशलेश सुविधा,  जैसे विभिन्न मुद्दों के समाधान के लिए विशेष पहल करने मुख्य सचिव से अनुरोध किया गया।

CG News  नहीं हो रही परामर्शदात्री की बैठक

एक अन्य मांग पत्र सौंपते हुए विगत सात वर्षों से राज्य स्तरीय परामर्शदात्री की बैठक आयोजित नहीं होने से कर्मचारी संगठनों की नाराजगी से अवगत कराते हुए शीघ्र बैठक आयोजित करने की मांग की गई। मुख्य सचिव ने शीघ्र परामर्शदात्री की बैठक आयोजित करने हेतु आश्वासन दिया।

कर्तव्यों का निष्ठा और ईमानदारी से करें निर्वाहन

मुख्य सचिव ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेशभर के शासकीय सेवकों को आम जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठा और ईमानदारी से निर्वाह करना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों के समर्पण और मेहनत को सराहते हुए कहा कि सरकार उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव से भेंट कर उनकी प्रशंसा और अभिनंदन किया। इस संवाद से कर्मचारी वर्ग को उनके महत्वपूर्ण मुद्दों पर सकारात्मक संदेश और उम्मीद मिली है। संयुक्त प्रयासों से प्रदेश की सेवा व्यवस्था और भी प्रभावी बनेगी, ऐसा विश्वास फेडरेशन ने जताया है।

CG News  प्रतिनिधिमंडल में ये कर्मचारी नेता रहे शामिल

प्रतिनिधिमंडल में फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक व प्रदेश अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राजपत्रित अधिकारी संघ कमल वर्मा, प्रांतीय संगठन मंत्री रोहित तिवारी, प्रांतीय सलाहकार बीपी शर्मा, विभागाध्यक्ष कर्मचारी संघ अध्यक्ष जय कुमार साहू, कार्यकारी अध्यक्ष संतोष कुमार वर्मा, जगदीप बजाज, लोकेश वर्मा उपस्थित रहे।

Back to top button