CG News रायपुर। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिला से बड़ी खबर आ रही है। सुरक्षाबल के जवानों ने मैनपुर के जंगलों में 10 नक्सलियों को मार गिराया है। मुठभेड़ में ढेर किए गए नक्सलियों में कमांडर मनोज उर्फ मॉडेम बालकृष्ण उर्फ भास्कर भी शामिल है। भास्कर ओडिशा कमेटी का सचिव था। उस पर एक करोड़ रुपए का इनाम घोषित था। एसपी निखिल राखेचा ने मैनपुर में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ की पुष्टि की है।
पुलिस अफसरों के अनुसार मैनपुर के जंगलों में नक्सलियों के जमावड़े की खुफिया सूचना पर गुरुवार को एसटीएफ, कोबरा और जिला पुलिस बल के जवानों की टीम सर्चिंग पर निकली थी। फोर्स को देखते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस पर जवानों की तरफ से जवाबी कार्यवाही की गई। घटना में 10 नक्सलियों को मार गिराने का दावा किया जा रहा है।
पुलिस अफसर फिलहाल मारे गए नक्सलियों की संख्या को लेकर आधिकारिक रुप से कुछ भी कहने से मना कर रहे हैं। अफसरों के अनुसार फोर्स अभ भी जंगल में है और रुक-रुक कर फायरिंग हो रही है। मारे गए नक्सलियों के शवों की बरामदी और फोर्स के लौटने के बाद ही आधिकारिक तौर पर कुछ भी कहा जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि गरियाबंद में इसी साल 24 जनवरी को करीब 80 घंटे तक चले इस ऑपरेशन में 16 नक्सली मारे गए थे। इनमें से 12 नक्सलियों पर कुल 3 करोड़ 16 लाख रुपए का इनाम घोषित था।
मारे गए नक्सलियों में नक्सलियों की सेंट्रल कमेटी का मेंबर चलपति भी था। चलपति पर ही 90 लाख का इनाम था। वहीं नुआपड़ा-गरियाबंद-धमतरी डिवीजन कमेटी का प्रमुख सत्यम गावड़े भी एनकाउंटर में मारा गया था।
मुठभेड़ में जिस बड़े नक्सली को मार गिराने का दावा किया जा रहा है वह माडेम बालकृष्णा ऊर्फ भास्कर नक्सलियों की ओडिशा राज्य कमेटी का सचिव था। वह सेंट्रल कमेटी का भी सदस्य है। भास्कर पर एक करोड़ रुपए का इनाम घोषित है। करीब दो दशकों से पुलिस उसकी तलाश में थी। गौरतलब है कि गरियाबंद की सीमा ओडिशा से मिलती है।