
CG News रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग में तैनात केंद्रीय अर्द्ध सैनिक बलों की वापसी होगी। विधानसभा के बजट सत्र में मंगलवार को लेकर सवाल हुआ। गृह मंत्री विजय शर्मा के विभागों के बजट पर सदन में चर्चा के दौरान पूछा गया कि बस्तर से केंद्रीय बलों की वापसी कब होगी।
जानिए: बस्तर से केंद्रीय बलों की वापसी पर क्या कहा गृह मंत्री ने
सदन में नेता प्रतिपक्ष ने पूछा कि बस्तर से केंद्रीय बलों की वापसी कब तक होगी। चर्चा का जवाब देते हुए गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि नक्सलवाद की समाप्ति के बाद 31 मार्च 2027 तक केंद्रीय बलों की बस्तर से वापसी हो जाएगी।
बस्तर में करीब 50 हजार से ज्यादा जवान तैनात
बस्तर संभाग और उससे लगे नक्सल प्रभावित राजनांदगांव जिला में बड़ी संख्या में केंद्रीय बल तैनात हैं। इसमें सीआरपीएफ के साथ बीएसएफ, आईटीबीपी और एसएसबी के साथ ही सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन भी शामिल हैं। इनकी संख्या लगभग 50 हजार है।
केंद्र सरकार ने मांगा 21 हजार 530 करोड़
छत्तीसगढ़ में केंद्रीय बलों की तैनाती के एवज में केंद्र सरकार ने राज्य से 21 हजार 530 करोड़ रुपए की मांग की है। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने गृह मंत्री से पूछा कि इतनी बड़ी राशि का विभागीय बजट में कहीं प्रवधान नहीं है तो राज्य सरकार इसका भुगतान किस मद में करेगी।
गृह मंत्री ने कहा- केंद्र से आया है पत्र
डॉ. महंत के सवालों का जवाब देते हुए गृह मंत्री विजय शर्मा ने स्वीकार किया कि केंद्र सरकार से पैसे की डिमांड वाला पत्र आया है। उन्होंने बताया कि इस राशि में पिछली सरकार से लेकर अब तक की राशि जुड़ी हुई है। गृह मंत्री ने स्पष्ट किया कि इसका फाइनल सेटलमेंट किया जा रहा है। विजय शर्मा ने कहा कि अभी हमास पूरा ध्यान 31 मार्च 2026 तक सशस्त्र नक्सलवाद को खत्म करने के लक्ष्य पर है। इसके बाद 31 मार्च 2027 तक केंद्रीय बल की वापसी की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।




