Site icon Chatur Post

CG News सामूहिक अवकाश पर पूरा स्‍टाफ: कल इस विवि में प्रशासनिक कामकाज रहेगा ठप

CG News  रायपुर। छत्‍तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित पंडित रवि शंकर वि‍श्‍वविद्यालय में कल (22 अगस्‍त) को कोई भी प्रशासनिक कामकाज नहीं होगा। वि‍श्‍वविद्यालय का पूरा वर्किंग स्‍टाफ कल सामूहिक अवकाश पर रहेगा। पंडित रविशंकर वि‍श्‍वविद्यालय कर्मचारी संघ ने इस संबंध में वि‍श्‍वविद्यालय प्रशासन को नोटिस दे दिया है।

पंडित रविशंकर वि‍श्‍वविद्यालय कर्मचारी संघ की तरफ से विश्‍वविद्यालय प्रशासन को दी गई सामूहिक अवकाश की सूचना में 210 स्‍टाफ का हस्‍ताक्षर है। विश्‍वविद्यालय कर्मचारी संघ के अध्‍यक्ष डॉ. दिलीप कुमार धृतलहरे और सचिव संदीप कुमार ने बताया कि छत्‍तीसगढ़ कर्मचारी- अधिकारी फेडरेशन के आंदोलन के समर्थन में सामूहिक अवकाश की सूचना दी गई है। डॉ. धृतलहरे ने बताया कि फेडरेशन ने 22 अगस्‍त को मोदी की गारंटी लागू करने की मांग को लेकर कलम बंद काम बंद हड़ताल का आह्ववान किया है। विश्‍वविद्यालय कर्मचारी संघ भी इस आंदोलन में शामिल होगा।

11 सूत्रीय मांगों को लेकर कर रहे हैं आंदोलन

उल्‍लेखनीय है कि छत्‍तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने 11 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन का ऐलान कर रखा है। इन्‍हीं मांगों को लेकर 16 जुलाई को प्रदेशभर में कर्मचरियों और अधिकारियों ने ब्‍लॉक और जिला स्‍तर पर प्रदर्शन कर मुख्‍यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा था।  

अनिश्चितकालीन हड़ताल की तैयारी

16 जुलाई को प्रदर्शन और 22 अगस्‍त को सामूहिक अवकाश के बाद भी सरकार मांगों पर सुनवाई नहीं करती है तो फेडरेशन की तरफ से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी जारी कर दी गई है। छत्‍तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने बताया कि सरकार हमारी मांगों को गंभीरता से नहीं लेगी तो 30 अक्‍टूबर से अनिश्चिकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला लिया जा सकता है।

आंदोलन को सफल बनाने की अपील

फेडरेशन के प्रदेश संयोजक कमल वर्मा ने प्रदेश के सभी शासकीय सेवकों से 22 अगस्‍त के आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है। इस संबंध में उन्‍होंने गुरुवार को एक वीडियो संदेश भी जारी किया है। बताते चले कि फेडरेशन प्रदेश के शासकीय सेवकों का सबसे बड़ा संयुक्‍त संगठन है। इसमें अलग-अलग श्रेणी के शासकीय कर्मचारियों और अधिकारियों के सौ से ज्‍यादा संगठन शामिल है।  

Exit mobile version