Site icon Chatur Post

CG News हम धो रहे हैं भूपेश सरकार के पाप: मुख्यमंत्री, सरकार कौन चला रहा? विपक्ष के इस सवाल पर CM ने कहा…

Vishnu

CG News  रायपुर। राज्य की विष्णुदेव साय सरकार ने दो साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है।  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार सरकार के दो वर्ष के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। इस दौरान विपक्ष की तरफ से उठाए जा रहे हर सवाल पर उन्होंने तीखा पलटवार किया। पत्रकारों ने सीएम से पूछा कि राजीव गांधी न्याय योजना की चौथी किस्त अब तक किसानों को नहीं मिली है। इस पर साय ने कहा कि भूपेश सरकार का पूरा पाप हम धो रहे हैं। सबके प्रति न्याय होगा, धैर्य रखिए।

मोदी की गारंटी के अधिकांश बड़े काम पूरे

प्रेसवार्ता के दौरान पत्रकारों ने कहा कि विपक्ष पूछ रहा कि छत्तीसगढ़ में सरकार कौन चला रहा है, इस पर सीएम ने कहा कि विपक्ष से पूछना चाहता हूं कि सरकार कैसे चल रही है पहले वो बताएं। मोदी की गारंटी के अधिकाश बड़े काम हमारी सरकार ने पूरे किए हैं। भाजपा जो कहती है वो करती है। कांग्रेस ने शीतकालीन सत्र के पहले दिन का बहिष्कार किया है। इस पर साय ने कहा कि कांग्रेस हार से बौखला गई है। हर चुनाव में हारे हैं। बिना तथ्य के विपक्ष बात करता है। हम चाहते हैं कि विपक्ष मजबूत रहे, लेकिन ये उनका पर्सनल मैटर है।

समृद्ध और विकसित राज्य बनाने प्रयासरत

राजधानी के नए सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए साय ने कहा कि हमारी सरकार के दो साल पूरे हुए हैं। समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ बनाने लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने नक्सल मुद्दे को गंभीरता से लिया और अभियान चलाकर नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ की घोषणा करने की तैयारी कर रहे हैं। 8 लाख करोड़ से ज्यादा का बिजनेस मिल चुका है। नई उद्योग नीति का लाभ हमको मिल रहा है। अभी तक 10 से 12 हजार लोगों को नौकरी दे चुके हैं।

छत्तीसगढिय़ा सबले बढिय़ा

मुख्यमंत्री ने कहा, देश में कहा जाता है छत्तीसगढिय़ा सबले बढिय़ा। नक्सलवाद से पूरा देश वाकिफ है। 2 साल में डबल इंजन की सरकार के कारण आज हमारे यहां के जवान मुस्तैदी के साथ नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। गृहमंत्री के मार्गदर्शन में आज नक्सलवाद समाप्ति की ओर है। नक्सलियों के आत्मसर्पण के लिए हम नीति लाए हैं। अच्छी पुनर्वास नीति हमने बनाई है। कांग्रेस की सरकार नक्सलियों से लड़ नहीं पाई। सरकार ने नियद नेल्ला नार योजना शुरू की है। बस्तर में अब बदलाव देखने मिल रहा। वहां लोगों को राशन मिल रहा। दूरसंचार के साधन मिल रहे। गांव में अस्पताल खोले हैं। पहले सब बस्तर जाने से डरते थे, वहां अब शांति व्यवस्था आ चुकी है।

मुख्यमंत्री ने गिनाए सरकार के काम

Exit mobile version