CG Weather रायपुर। छत्तीसगढ़ के बड़े हिस्से में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। उत्तर से आ रही सर्द हवा ने पूरे छत्तीसगढ़ को अपनी गिरफ्त में ले रखा है। प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों से लेकर मैदान तक कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
सुबह कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम हो गई है। उत्तरी छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के नीचे चला गया है। वहीं मैदानी क्षेत्रों का तापमान भी लुढककर 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे चला गया है। बिलासपुर संभाग में अमरकंटक से लगे पेंड्रा क्षेत्र भी सर्द हवा के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
ठंड का सबसे ज्यादा असर राज्य के उत्तरी में स्थित सरगुजा संभाग में दिख रहा है। संभाग के मैदानी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से भी नीचे पहुंच गया है। अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री दर्ज किया गया है। संभाग के पाट क्षेत्रों का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से नीचे गिर गया है। इससे ओंस की बूंदे जमने लगी हैं।
सरगुजा संभाग के मैनपाट, सामरीपाट और सोनहत में शनिवार सुबह पाले सुबह बर्फ की चारदर बिछने लगी है। मैनपाट में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से नीचे चला गया है। शनिवार सुबह मैनपाट में ओंस की बूंदे जमी हुई दिखीं। सोनहत में भी न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में शीतलहर चलने की चेतावनी दी है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अगले चौबीस घंटो के दौरान राज्य के तापमान में कोई विशष परिवर्तन आने की संभावना नहीं है।
ठंड का असर रायपुर शहर के मौसम पर भी दिख रहा है। शहर के आउटर में रात में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। माना क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक लुढक गया है, जो सामान्य से लगभग साढ़े 5 डिग्री कम है। शहर के अंदर भी न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। यह स्थिति अभी बनी रह सकती है।
बस्तर संभाग को छोड़कर राज्य के बाकी हिस्सों में रात में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दुर्ग शहर का न्यूूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री नीचे चला गया है। वहीं, पेंड्रारोड का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से करीब तीन डिग्री नीचे दर्ज किया गया है।
| स्थान | न्यूनतम तापमान | सामान्य से कम ज्याद |
| रायपुर | 12.9 | -2 |
| माना | 9 | -5.4 |
| बिलासपुर | 12 | -2 |
| पेंड्रा रोड | 8.4 | -3.2 |
| अंबिकापुर | 4.6 | -5 |
| जगदलपुर | 11.5 | -0.9 |
| दुर्ग | 9.8 | -5 |