Site icon Chatur Post

CG Weather छत्‍तीसगढ़ में ठंड के सीजन में बारिश की संभावना: मौसम विभाग ने 10 जिलों के लिए जारी किया यलो अटर्ल

weather

CG Weather रायपुर। छत्‍तीसगढ़ के पहाड़ी क्षेत्रों में लोग कड़ाके की ठंड का सामना कर रहे हैं। इधर, मैदानी क्षेत्रों में एक- दो दिनों में तापमान बढ़ने से ठंड में थोड़ी कमी आई है। इस बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के मौसम में बदलाव की संभावना जाहिर कर दी है।

 मौसम विभाग ने जारी की बारिश की संभावना

प्रदेश के उत्‍तरी हिस्‍सो में बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अति हल्‍की से हल्‍की बारिश हो सकती है, लेकिन इसका असर व्‍यापक होगा। हल्‍की बारिश भी होने की स्थिति में ठंड और कोहरा बढ़ सकता है। इससे जनजीवन प्रभावित होगा।

10 जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने राज्‍य के 10 जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना के साथ यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने जिन जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना व्‍यक्‍त की है उसमें रायगढ़, कोरबा, मरवाही, मनेंद्रगढ़, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा और जशपुर शामिल है।

दिन में चढ़ा पारा

बारिश की संभावना और कोहरे के बीच राज्‍य के अधिकांश स्‍थानों के दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की है। ज्‍यादातर स्‍थानों का अधिकतम तापमान सामान्‍य से ऊपर चला गया है।

राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्‍य से 1.3 डिग्री ऊपर 28.7 रिकार्ड किया गया, जबकि बिलासपुर का 27.6 रहा जो लगभग एक डिग्री ज्‍यादा है।

अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 24.5 रहा जो सामान्‍य से ढाई डिग्री ज्‍यादा है। इसी तरह जगदलपुर का अधिकतम तापमान 29.8 रहा जो सामान्‍य से करीब दो डिग्री ज्‍यादा है।  

रात में अभी भी ठंड

दिन के साथ रात के तापमान में भी वृद्धि हुई है। इसके बावजूद ज्‍यादातर स्‍थानों का न्‍यूनतम तापमान सामान्‍य के करीब बना हुआ है। सबसे कम न्‍यूनतम तापमान अंबिकापुर में 8.4 रिकार्ड किया गया।

दुर्ग में अभी रात में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। वहां का न्‍यूनतम तापमान सामान्‍य से करीब चार डिग्री नीचे 9.2 रिकार्ड  किया गया।

छत्‍तीसगढ़ के मौसम को लेकर अनुमान

राज्‍य में ठंड बढ़ने की संभावना मौसम विभाग ने जाहिर की है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अगले तीन दिनों में न्‍यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है।

Exit mobile version