Site icon Chatur Post

CG Weather छत्‍तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड, 1.5 तक पहुंच गया है तापमान: जानिए- कहां शून्‍य तक पहुंचने का है अनुमान

Weather Report

CG Weather रायपुर। छत्‍तीसगढ़ के पहाड़ी अंचल जशपुर ने इस बार ठंड के मामले में देश के मशहूर हिल स्टेशन शिमला को भी पीछे छोड़ दिया है। हिमाचल प्रदेश के शिमला में शनिवार को न्यूनतम तापमान जहां 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, वहीं जशपुरनगर में पारा गिरकर मात्र 1.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तड़के पारा वाले और डिजिटल थर्मामीटर में दर्ज तापमान ने ठंड की तीव्रता की पुष्टि कर दी। खुले वातावरण में किए गए मापन में 2.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि शहर का न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री तक गिर गया।

हथेलियों पर दिखी जमी बर्फ, तस्वीरों ने दी गवाही

सुबह खेतों में जमी बर्फ को लोग हथेलियों पर उठाकर दिखाते नजर आए। यह दृश्य अपने आप में इस बात का प्रमाण है कि जशपुर में ठंड ने रिकॉर्ड स्तर को छू लिया है। आमतौर पर शिमला जैसे पर्यटन स्थलों से तुलना की जाने वाली सर्दी अब जशपुर में उससे कहीं अधिक तीखी हो चुकी है।

किसानों पर पाले की मार पाले के कारण

आलू, टमाटर, मटर, गोभी और अन्य सब्जी फसलों पर संकट मंडराने लगा है। किसानों का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक यही स्थिति बनी रही तो उत्पादन पर सीधा असर पड़ेगा। फसल बचाने के लिए किसान रात में हल्की सिंचाई, धुआं करने और पारंपरिक उपायों का सहारा ले रहे हैं।

बगीचा के पठारी क्षेत्रों में पारा 1 डिग्री से भी नीचे जाने की संभावना

छत्तीसगढ़ के शिमला के नाम से प्रसिद्ध जशपुर जिले के बगीचा अंचल के पठारी क्षेत्रों में शुक्रवार की रात तापमान 1 डिग्री से भी नीचे पहुंच जाने का अंदाजा लगाया जा रहा है, हालांकि मौसम विभाग ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

शून्‍य तक पहुंचने का अनुमान

ग्रामीणों का मानना है कि इस वर्ष की सबसे कड़ाके की सर्द रात शुक्रवार की रही। सुबह 6 बजे तक पूरे खेत खलिहान में बर्फ की चादर बिछी हुई देखी गई, वहीं दूसरी तरफ बगीचा के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कैलाश नाथेश्वर गुफा एवं खुड़िया रानी क्षेत्र के आसपास तापमान शून्य तक पहुंचने की संभावना भी जताई जा रही है। यहां भी बर्फ की के चादर बिछी हुई देखी गई है।

पाठ क्षेत्रों में शून्य से नीचे के हालात

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, जशपुरनगर की तुलना में पाठ (पठारी व वनांचल) क्षेत्रों का तापमान 1.5 से 2 डिग्री कम रहता है। इस आधार पर अनुमान है कि शनिवार तड़के पाठ इलाकों में तापमान शून्य डिग्री या उससे नीचे पहुंच गया होगा। यही वजह है कि ग्रामीण इलाकों में खेतों, घास और फसलों पर पाला जमने की स्थिति बनी।

कहां कितना तापमान

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार रायपुर का न्‍यूनतम तापमान 12. 7 और माना का 8.6 डिग्री दर्ज किया गया।

बिलासपुर का 11.8 और पेंड्रारोड का न्‍यूनतम तापमान 7.8 रहा।

इसी तरह अंबिकापुर का न्‍यूनतम तापमान 5.7 और जगदलपुर का 9 डिग्री सेल्सियस रहा।

वहीं, दुर्ग का 8.2 और राजनांदगांव का न्‍यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

Exit mobile version