रायपुर। पश्चिम एशिया में मचे घमासान का असर छत्तीसगढ़ की व्यवस्थाओं पर न पड़े, इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मोर्चा संभाल लिया है। शनिवार को एक हाई-लेवल मीटिंग में सीएम ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों और एसपी को दो-टूक कह दिया है— “सामान की कमी नहीं है, लेकिन जो कालाबाजारी करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।”
अफवाह फैलाने वालों की अब खैर नहीं!
बैठक के दौरान सीएम साय ने जनता से अपील की है कि वे पेट्रोलियम, गैस और खाद की किल्लत जैसी किसी भी अफवाह पर यकीन न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार है। छत्तीसगढ़ में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और सभी आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
बड़ी कार्रवाई: 335 जगहों पर छापेमारी
प्रशासनिक अमला एक्शन मोड में है। प्रदेशभर में अब तक 335 ठिकानों पर छापेमारी की जा चुकी है। हालांकि कालाबाजारी की पुष्टि नहीं हुई, लेकिन स्टॉक दबाकर बैठने वाले जमाखोरों पर कार्रवाई करते हुए 3841 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं और 97 एफआईआर दर्ज कर ली गई हैं।
आपकी सुविधा के लिए अहम जानकारियां
अगर आपको कोई गुमराह करे या कालाबाजारी की शिकायत करनी हो, तो सरकार ने सीधा रास्ता खोल दिया है:
- राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम: जनता की मदद के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-233-3663 जारी किया गया है।
- गैस सिलेंडर बुकिंग: उज्ज्वला के लिए 45 दिन और सामान्य कनेक्शन के लिए 25 दिन का अंतराल पहले की तरह ही लागू है।
- सोशल मीडिया पर पहरा: भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर आईटी सेल और पुलिस की कड़ी नजर है।
किसानों और आमजन के लिए राहत की बात
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खरीफ सीजन के लिए खाद की आपूर्ति पारदर्शी रखी जाए। साथ ही अस्पतालों, स्कूलों, रेलवे और सैन्य बलों को मिलने वाली गैस सप्लाई में एक मिनट की भी बाधा न आए, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
सीएम का सख्त संदेश: पेट्रोल-डीजल को खुले कंटेनरों में बेचना प्रतिबंधित रहेगा। केवल अधिकृत मोबाइल टावर और जेनसेट के लिए ही इसकी अनुमति होगी।
बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, डीजीपी अरुण देव गौतम और तेल कंपनियों (IOCL, BPCL, HPCL) के आला अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य में ईंधन और गैस की कोई कमी नहीं है।

