Site icon Chatur Post

CM साय और राष्ट्रीय महामंत्री सिंह की प्रेसवार्ता: नारी शक्ति के साथ कांग्रेस ने किया ‘महापाप’, चुनाव में भुगतना पड़ेगा खामियाजा

Vishnu Deo Sai

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने नारी शक्ति वंदन (संशोधन) अधिनियम को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी नेताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस और इण्डी गठबंधन ने लोकसभा में इस बिल की राह रोककर देश की आधी आबादी के साथ ‘महापाप’ किया है।

रविवार को रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता में सीएम साय ने कहा कि विपक्षी दलों के इस महिला विरोधी चरित्र का परिणाम उन्हें आने वाले समय में भुगतना पड़ेगा।

33 प्रतिशत आरक्षण हमारा संकल्प: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने के लिए यह ऐतिहासिक कदम उठाया गया था। पूरे देश की महिलाओं में इसे लेकर भारी उत्साह था, लेकिन कांग्रेस, टीएमसी और सपा जैसे दलों के अड़ियल रुख के कारण यह साकार नहीं हो सका।

साय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा से ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति पर चलती आई है। उन्होंने कहा, “पिछले तीन दशकों से कांग्रेस सिर्फ महिला आरक्षण की बातें करती रही है, लेकिन जब कानून बनाने का वक्त आता है, तो वे पीछे हट जाते हैं। परिसीमन और धर्म के नाम पर भ्रम फैलाकर उन्होंने 70 करोड़ महिलाओं के साथ धोखा किया है।”

भाजपा दिलाकर रहेगी संवैधानिक अधिकार

सीएम साय ने रमन सरकार के दौरान पंचायतों में दिए गए 50 फीसदी आरक्षण का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने हमेशा महिलाओं का सम्मान किया है। उन्होंने संकल्प दोहराते हुए कहा कि भले ही अभी विधेयक में बाधाएं डाली गई हों, लेकिन भाजपा का संकल्प अटल है। हम हर बाधा दूर कर मातृशक्ति को उनका संवैधानिक अधिकार दिलाकर रहेंगे।

कांग्रेस ने महिलाओं के साथ की गद्दारी: अरुण सिंह

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने 17 अप्रैल की तारीख को भारतीय राजनीति का ‘काला अध्याय’ करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को प्रताड़ित किया है, चाहे वह शाहबानो प्रकरण हो या ट्रिपल तलाक का मुद्दा।

सिंह ने कहा, “यह बेहद शर्मनाक है कि जब संसद में यह विधेयक गिरा और महिलाओं की आंखों में आंसू थे, तब विपक्षी दल मेज थपथपाकर खुशियां मना रहे थे। प्रधानमंत्री मोदी ने तो बिल का सारा क्रेडिट विपक्ष को देने तक का भरोसा दिया था, लेकिन कांग्रेस की मंशा साफ नहीं थी।”

परिसीमन पर कांग्रेस का दोहरा रवैया

अरुण सिंह ने परिसीमन की जरूरत को समझाते हुए कहा कि 1971 की तुलना में आज देश की आबादी 140 करोड़ हो चुकी है। नियमानुसार छत्तीसगढ़ में सीटों की संख्या बढ़कर 135 (विधानसभा) और 18 (लोकसभा) होनी चाहिए, लेकिन कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर इस प्रक्रिया को बाधित कर रही है।

उन्होंने घोषणा की कि भाजपा इस मुद्दे को लेकर बूथ और मंडल स्तर तक जाएगी। पार्टी जनता के बीच जाकर कांग्रेस के ‘महिला विरोधी’ चेहरे का पर्दाफाश करेगी।

इस दौरान रहे उपस्थित: पत्रकार वार्ता में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, सांसद रूपकुमारी चौधरी, कमलेश जांगड़े सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Exit mobile version