IAS Posting रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने 2025 बैच के तीन भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों की पदस्थापना का आदेश जारी कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) की ओर से जारी आदेश के अनुसार, मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में प्रथम चरण का प्रशिक्षण पूरा कर चुके परिवीक्षाधीन अधिकारियों को राज्य में सहायक कलेक्टर के रूप में पदस्थ किया गया है।
जारी आदेश के मुताबिक, तीनों अधिकारियों को अलग-अलग जिलों में जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें गोकुल आर. के. को रायगढ़, इशांत जायसवाल को कोरबा और वाध्यावथ यशवंत नायक को बस्तर में पदस्थ किया गया है।
मुख्य बातें
- छत्तीसगढ़ सरकार ने 2025 बैच के 3 IAS अधिकारियों की पोस्टिंग की
- GAD ने जारी किया पदस्थापना आदेश
- अधिकारियों ने मसूरी में प्रथम चरण का प्रशिक्षण पूरा किया
- सीधे जिले में जॉइनिंग नहीं, पहले निमोरा प्रशासन अकादमी में देंगे उपस्थिति
- अकादमी में उपस्थिति की तिथि ही कार्यभार ग्रहण तिथि मानी जाएगी
सरकारी आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि ये अधिकारी प्रथम चरण के प्रशिक्षण और कार्यभार ग्रहण अवधि का लाभ लेते हुए सीधे अपने-अपने जिलों में ज्वाइन नहीं करेंगे। उन्हें पहले छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी, निमोरा में अपनी उपस्थिति देनी होगी। अकादमी में उनकी उपस्थिति की तिथि को ही संबंधित जिले में कार्यभार ग्रहण करने की तिथि माना जाएगा।
इसके साथ ही संबंधित जिलों को निर्देश दिए गए हैं कि अधिकारियों की पदस्थापना से जुड़ी आगे की आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई पूरी की जाए। आदेश में यह भी कहा गया है कि इन परिवीक्षाधीन अधिकारियों के वेतन भुगतान के लिए संबंधित जिलों से आवश्यक प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।
यह पदस्थापना आदेश राज्य प्रशासनिक ढांचे में नए अधिकारियों की औपचारिक एंट्री के रूप में देखा जा रहा है। मसूरी प्रशिक्षण के बाद अब ये अधिकारी जिलों में प्रशासनिक कामकाज की बारीकियां समझते हुए फील्ड अनुभव हासिल करेंगे।
किन अफसरों को कहां मिली पोस्टिंग
- गोकुल आर. के. (2025 बैच) — सहायक कलेक्टर, रायगढ़
- इशांत जायसवाल (2025 बैच) — सहायक कलेक्टर, कोरबा
- वाध्यावथ यशवंत नायक (2025 बैच) — सहायक कलेक्टर, बस्तर

