Kanker Naxali Encounter Update: कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षा बलों के हाथों ढेर हुई महिला नक्सली लीडर रूपी रेड्डी के अंतिम संस्कार का एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में कुख्यात नक्सली कमांडर ‘हिड़मा’ से जुड़ा गाना बजता सुनाई दे रहा है और लोग लाल झंडे लेकर नाचते नजर आ रहे हैं।
तेलंगाना में हुआ अंतिम संस्कार, डीजे पर बजा ‘मेरे जंगल का सीना’
जानकारी के मुताबिक, 13 अप्रैल को कांकेर के जंगलों में मुठभेड़ के दौरान रूपी रेड्डी को मार गिराया गया था। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद उसे तेलंगाना के मेडक जिले ले जाया गया। 14 अप्रैल को निकाली गई शव यात्रा में डीजे पर ‘मेरे जंगल का सीना’ (हिड़मा से प्रेरित) गाना बजाया गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते दिख रहे हैं।
कांकेर पुलिस का बयान
इस वायरल वीडियो पर कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने कहा कि यह मामला तेलंगाना का है, इसलिए वे इस पर टिप्पणी नहीं कर सकते। उन्होंने पुष्टि की कि एनकाउंटर के अगले दिन ही रूपी रेड्डी का शव उसकी बहन और अन्य परिजनों को सौंप दिया गया था।
छोटेबेठिया के जंगलों में हुई थी मुठभेड़
बता दें कि 13 अप्रैल को कांकेर के छोटेबेठिया क्षेत्र में पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई थी। इस ऑपरेशन में सुरक्षा बलों ने एरिया कमेटी मेंबर (ACM) रूपी रेड्डी को ढेर कर दिया था। मौके से एक पिस्टल भी बरामद की गई थी। पुलिस के अनुसार, रूपी को कई बार सरेंडर करने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन वह लगातार हिंसक गतिविधियों में शामिल रही।
खूंखार नक्सली विजय रेड्डी की पत्नी थी रूपी
रूपी रेड्डी का नक्सली नेटवर्क में काफी प्रभाव था। वह स्टेट कमेटी मेंबर (SCM) विजय रेड्डी की पत्नी थी। गौरतलब है कि विजय रेड्डी पहले ही राजनांदगांव और मोहला-मानपुर-चौकी जिले में हुई मुठभेड़ में मारा जा चुका है। पति की मौत के बाद रूपी ही उत्तर बस्तर कांकेर इलाके में सक्रिय थी और अन्य नक्सलियों को आत्मसमर्पण करने से रोक रही थी।
यह भी पढ़े- छत्तीसगढ़ के IPS विकास कुमार अब NIA में संभालेंगे कमान, गृह मंत्रालय ने जारी किया आदेश

