राज्य

Chhattisgarh SIR छत्तीसगढ़ की मतदाता सूची से 80 हजार नाम और कटेंगे: 21 को होगा सूची का प्रकाशन, मिलेगा एक और मौका

Chhattisgarh SIR रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) के दौरान प्राप्त दावा-आपत्तियों पर सुनवाई व दस्तावेज सत्यापन के बाद मतदाता सूची से लगभग 80 हजार नाम और कटेंगे। ये वो मतदाता हैं, जिन्होंने नोटिस का जवाब नहीं दिया या फिर निर्धारित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए।

एसआईआर प्रक्रिया शुरू होने से पहले राज्य की मतदाता सूची में 2,12,30,737 मतदाता थे। गणना चरण के बाद 23 दिसंबर 2025 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया, जिसमें 27,34,817 नाम कट गए।  इनमें 6,42,234 मृत्यु, 19,13,540 अनुपस्थित या स्थानांतिरत व 1,79,043 डुप्लीकेट नाम शामिल हैं।

इस तरह राज्य की प्रारूप मतदाता सूची में कुल 1,84,95,920 मतदाता रह गए। अब दावा-आपत्ति की सुनवाई व सत्यापन के बाद राज्य की मतदाता सूची से 80 हजार मतदाताओं के नाम और कटने वाले हैं। ऐसे में अंतिम मतदाता सूची में कुल लगभग 1.83 करोड़ मतदाता के नाम रह जाएंगे।

भारत निर्वाचन आयोग की तरफ से अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 21 फरवरी को किया जाएगा। प्रदेश में एसआईआर के दौरान वास्तविक पात्र मतदाताओं से दावा-आपत्ति चरण के तहत 23 दिसंबर से 22 जनवरी तक पुनः मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने व संशोधित करने के लिए आवेदन मंगाए गए थे।

प्रदेश में नो-मैपिंग (कैटेगरी-सी) वाले कुल 6.40 लाख मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने नोटिस जारी किया गया। बताया गया है कि नो मैपिंग वाले 80 हजार से अधिक मतदाताओं ने अपना जवाब नहीं दिया या फिर निर्धारित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए।

इसके अलावा मतदाता सूची में सामान्य त्रुटि वाले 58 लाख मतदाताओं को भी नोटिस जारी किए गए थे, जिनमें से ज्यादातर मदताओं ने त्रुटि सुधरवाने या संशोधन के लिए आवेदन ही प्रस्तुत नहीं किए। हालांकि सामान्य त्रुटि वाले इन मतदाताओं के नाम अंतिम मतदाता सूची से नहीं हटाए जाएंगे, लेकिन अंतिम सूची में त्रुटि जस की तस रहेगी।

कब, क्या हुआ?

एसआईआर के तहत गणना चरण के दौरान प्रदेश के कुल 2,12,30,737 मतदाताओं में से 1,84,95,920 मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र जमा किए। 23 दिसंबर को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। दावे-आपत्तियां 23 दिसंबर से 22 जनवरी तक प्राप्त की गई। प्राप्त दावा-आपत्तियों पर सुनवाई व दस्तावेजों के सत्यापन का कार्य 14 फरवरी तक किया गया। अब अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 21 फरवरी को किया जाएगा।

Back to top button