Chhattisgarh Weather रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज (सोमवार) को बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में आज बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान कहीं- कहीं हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने राज्य के पांच जिलों के बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में बारिश की ज्यादा संभावना
मौसम विभाग ने राज्य के जिन पांच जिलों में आज बारिश की प्रबल संभावना बताई है उनमें बिलाईगढ़, भाटापारा, महासमुंद, जशपुर और रायगढ़ शामिल है। इस जिलों में कहीं- कहीं तेज बारिश हो सकती है।
तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं
छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों में तापमान में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। फिलहाल मानसून के लौटने के बाद से राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की ठंड पड़ रही है। रात में अधिकांश स्थानों का तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। यह स्थिति अगले चार दिनों तक बनी रह सकती है।
सरगुजा संभाग में ठंड
राज्य के सरगुजा संभाग में ठंड की शुरुआत हो चुकी है। वहां रात का तापामन 15 डिग्री तक पहुंच गया है। इसी तरह अमरकंटक से लगे पेंड्रा क्षेत्र में भी तापमान में कमी आ रही है। पेंड्रा में भी रातें सर्द होने लगी है।
शहरी क्षेत्रों में आउटर में कोहरा
प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में भी ठंड ने दस्तक दे दी है। आउटर में सुबह कोहरा देखा जा सकता है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में भी सुबह ठंड अपनी उपस्थिति का अहसास कराने लगी है।
इस बार अच्छी ठंड की संभावना
मौसम विभाग की तरफ से इस साल अच्छी ठंड पड़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार देश के उत्तरी हिस्से में इस बार बर्फबार की शुरूआत जल्दी हो गई है। हवा की दिशा बदलने के साथ ही इसका असर पूरे देश के मौसम पर पड़ेगा।

