Congress रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट राजधानी रायपुर के प्रवास पर हैं। सोमवार को रायपुर पहुंचे पायलट यहां दो दिनों तक रुकेंगे।
इस दौरान वे पार्टी की अलग-अलग बैठक लेंगे। सोमवार को राजीव भवन में पहली बैठक पार्टी के पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की हुई। इस बैठक जमकर गहमा- गहमी होने की चर्चा है। बैठक के दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास के सदन में व्यवाहार पर भी सवाल हुआ।
पार्टी सूत्रों के अनुसार बैठक में पूर्व सीएम भूपेश बघेल की नाराजगी जमकर सामने आई। पार्टी में बढ़ती अनुशासनहीनता पर बघेल ने जमकर गुस्सा निकाला। सूत्रों के अनुसार इस दौरान उन्होंने सामने बैठे नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत से भी सवाल किया। बघेल ने डॉ. महंत से पूछा कि आप मुख्यमंत्री पर सीधा हमला करने से क्यों बचते हैं। आप नेता प्रतिपक्ष हैं, आपको सरकार के खिलाफ मुखर रहना चाहिए।
बघेल ने पार्टी में बढ़ती अनुशासनहीनता पर नाराजगी जाहिर की। बताया जा रहा है कि बघेल ने कहा कि कोई भी नेता कहीं भी कुछ भी बयान दे देता है किसी के खिलाफ भी टिप्पणी कर देते हैं, पर कोई कार्यवाही नहीं होती है। बताया जा रहा है कि बैठक में मौजूद पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं का भी दर्द सामने आया। वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि उन्हें कोई जिम्मेदारी नहीं दी जा रही है, जबकि वरिष्ठ नेताओं के अनुभव का लाभ लिया जाना चाहिए।
वहीं, रायपुर पहुंचे प्रदेश प्रभारी पायलट ने एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा के दौरान राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। पायलट ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार का रायपुर से नहीं बल्कि दिल्ली से मैनेज हो रही है।
उन्होंने राज्य का कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा किया। इस दौरान विधानसभा के अंदर कांग्रेस विधायकों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए पायलट ने कहा कि विधायकों की बैठक में मानूसन सत्र के लिए भी रणनीति बनाई जाएगी। बता दें कि विधानसभा का मानसून सत्र 14 जुलाई से शुरू हो रहा है।