Creda  क्रेडा में हर काम में 3% कमीशन: CMO ने ऊर्जा सचिव को कार्यवाही करने के दिए निर्देश

schedule
2025-07-29 | 14:36h
update
2025-07-29 | 16:23h
person
chaturpost.com
domain
chaturpost.com

Creda  रायपुर। क्रेडा यानी छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण में कमीशनखोरी के बड़ा खेल चलने का आरोप लगा है। इस मामले में सीधे मुख्‍यमंत्री विष्‍णुदेव साय से शिकायत की गई है। इसकी प्रति प्रधानमंत्री समेत अन्‍य केंद्रीय नेताओं को भी भेजी गई है।

ऊर्जा सचिव को कार्यवाही करने का निर्देश

मुख्‍यमंत्री को मिली शिकायत पर मुख्‍यमंत्री सचिवालय ने ऊर्जा सचिव को कार्यवाही करने का निर्देश दिया है। ऊर्जा सचिव से पूरे मामले में उचित कार्यवाही करने और उससे सीएमओ को अवगत कराने के लिए कहा गया है।

जानिए- क्रेडा में किस पर लगा कमीशन लेने का आरोप

क्रेडा में कमीशनखोरी का यह गंभीर आरोप नवनियुक्‍त अध्‍यक्ष भूपेंद्र सिंह सवन्‍नी पर लगा है। चतुरपोस्‍ट. कॉम इस आरोप की पुष्टि नहीं करता है। इस मामले में chaturpost.com ने सवन्‍नी का पक्ष जानने के लिए उनसे संपर्क टेलीफोनिक संपर्क, लेकिन उन्‍होंने कॉल रिसीव नहीं किया।

Creda  सवन्‍नी पर वेंडरों ने लगाया आरोप

क्रेडा के नवनियुक्‍त अध्‍यक्ष सवन्‍नी पर कमीशनखोरी का आरोप क्रेडा के सप्‍लायरों ने लगाया है। सुरेश कुमार समेत अन्‍य वेंडरों ने अपनी शिकायत में सवन्‍नी पर हर काम के लिए तीन प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप लगाया है।

निज सचिव के जरिये कमीशन की मांग

वेंडरों ने अपनी शिकायत में बताया है कि सवन्‍नी के क्रेडा के अध्‍यक्ष का पदभार ग्रहण करने के बाद से उनके निज सहायक वैभव दुबे की तरफ से वेंडरों को फोन करके तीन प्रतिशत कमीशन की मांग की जा रही है। कमीशन की मांग सवन्‍नी के पदभार ग्रहण करने से पहले किए गए कामों पर भी मांगा जा रहा है।

ब्‍लैक लिस्‍टेड करने की धमकी

वेंडरों का आरोप है कि पैसे नहीं देने पर कार्यों की जांच कराने, नोटिस देने और ब्‍लैक लिस्‍टेड करने की धमकी दी जा रही है। वेंडरों ने लिखा है कि शिकायत पत्र में हम अपनी फर्म का नाम नहीं लिख रहे हैं, क्‍योंकि हमें डर है कि भविष्‍य में हमें प्रताड़ि‍त किया जा सकता है।

Creda हाउसिंग बोर्ड में भी गड़बड़ी का आरोप

वेंडरों ने सवन्‍नी पर हाउसिंग बोर्ड अध्‍यक्ष रहने के दौरान गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है। बताया है कि उनका कार्यकाल भी विवादों भरा रहा है। हाउसिंग बोर्ड की भविष्य निधि और पेंशन के 132 करोड़ रुपये की हेराफेरी करने के साथ ही शासकीय धन से क्रय की गई छोटी छोटी वस्तुओं को गायब करने का आरोप लगा है। बता दें कि डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में सवन्‍नी हाउसिंग बोर्ड में थे।

ठेकेदार इकाई ने भी कर दिया  खंडन अब कांग्रेस कहां मुंह छुपाएगी: रंजना साहू

भारतीय जनता पार्टी से पूर्व विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता रंजना साहू ने  क्रेडा और उनके अध्यक्ष पर भ्रष्टाचार के झूठे आरोप पर कहा कि कांग्रेस की आदत है झूठ बोलो, जोर से बोलो, बार-बार बोलो, भ्रष्टाचार में पैर के नाखून से लेकर सर के बाल तक डूबी कांग्रेस के पास अब केवल फर्जी शिकायतों का ही सहारा बचा है लेकिन इसमें भी वह हर बार मुंह की खाती है और  क्रेडा की  रजिस्टर्ड  ठेकेदारों की संस्था ने शिकायत को फर्जी बताकर कांग्रेस की पोल खोल दी है।

साहू ने कहा कि कांग्रेस बार-बार ऐसी शिकायतें करवाती है, जिसमें ना तो शिकायत करने वाले का नाम स्पष्ट होता है ना उसका फोन नंबर लिखा होता है ना ही उसका पता होता है ऐसी शिकायतें करवाकर उनके फोटो खींचकर वह सोशल मीडिया पर प्रचारित करते हैं एवं भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हैं और बाद में ऐसी सभी शिकायतों की जांच के बाद वह फर्जी पाई जाती हैं।स्पष्ट है कि फर्जी कांग्रेस को अब फर्जी शिकायत करने के अलावा कुछ सूझ नहीं रहा है। क्योंकि हर दिन कांग्रेस का नया भ्रष्टाचार सामने आता है।

साहू ने कहा कि कांग्रेस के शासन में हर विभाग में कमीशन तय कर दिया गया था और अब जब विष्णु देव साय जी की सरकार आई है जब नए निगम मंडल के अध्यक्ष कार्यभार संभाल चुके हैं तब ऐसे कई लोगों का पाप का धंधा भी बंद हो गया है जिससे वह परेशान है लेकिन विष्णु देव साय सरकार भ्रष्टाचार पर अपनी जीरो टॉलरेंस की नीति पर कायम है, लगातार ऐसे लोगों की दुकान बंद होती रहेगी ,जिन्होंने कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार से अपनी जेब में भरी थी।

chatur postJuly 29, 2025
561 3 minutes read
Follow Us
Imprint
Responsible for the content:
chaturpost.com
Privacy & Terms of Use:
chaturpost.com
Mobile website via:
WordPress AMP Plugin
Last AMPHTML update:
27.02.2026 - 21:15:19
Privacy-Data & cookie usage: