Cricket रायपुर पहुंची भारत-दक्षिण अफ्रीका की टीमें: कल स्‍टेडियम में नेट प्रैक्टिस, बुधवार को मैच

schedule
2025-12-01 | 14:47h
update
2025-12-01 | 14:47h
person
chaturpost.com
domain
chaturpost.com

Cricket  रायपुर। छत्‍तीसगढ़ के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट स्‍टेडियम में बुधवार को भारत और दक्षिण अफ्रीक के बीच होने वाले दूसरे अंतरराष्‍ट्रीय मैच के लिए दोनों टीमें सोमवार की शाम को रायपुर पहुंच गई हैं।  सोमवार शाम करीब 4.30 बजे दोनों टीमें एक ही चार्टर्ड प्‍लेट से दोनों टीमें रांची से रायपुर पहुंचीं। खिलाड़ि‍यों की एक झलक पाने के लिए एयरपोर्ट पर फैंस भीड़ लगी रही। खिलाड़ियों ने भी एयरपोर्ट के बाहर पहुंचते ही हाथ हिलाकर फैंस का अभिवादन किया।

पहले 15 मिनट में 16 हजार टिकट खत्म, फिर अफरा-तफरी

टिकट बिक्री शुरू होते ही पहले चरण में 16 हजार टिकट सिर्फ 15 मिनट में सोल्ड आउट हो गए। वेबसाइट पर सोल्ड आउट देखकर लोगों में भ्रम फैल गया कि सभी टिकट समाप्त हो चुके हैं, जबकि बाकी टिकटों को दूसरे चरण में रिलीज करने की तैयारी थी।

ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले लोग सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में फिजिकल टिकट लेने पहुंचे, वहीं स्टूडेंट्स के लिए रिजर्व टिकटों की बिक्री ने और भी भीड़ बढ़ा दी। सुबह 4 बजे से ही टिकट काउंटर के सामने लंबी कतारें लग गईं। बाद में धक्का-मुक्की, बैरिकेड तोड़ने की कोशिश और पुलिस से बहस ने इस प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए। सुरक्षा के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा।

ब्लैक टिकट बेचते दो गिरफ्तार

सिविल लाइन पुलिस ने भारत माता चौक के पास 2 युवकों को अवैध रूप से टिकट बेचते पकड़ा। दोनों आरोपी ऋतिक और देवव्रत माकीजा ऑनलाइन टिकट खरीदकर उन्हें महंगे दामों में बेच रहे थे। पुलिस ने शहर में टिकट ब्लैकिंग रोकने के लिए सख्ती बढ़ाई है। एक आईडी पर सिर्फ 4 टिकट लेने की सीमा भी इसी वजह से रखी गई है। फैंस का कहना है कि टिकट की भारी मांग को देखते हुए ब्लैक मार्केटिंग बढ़ना तय था, लेकिन ज्यादा प्रभावी निगरानी की जरूरत थी।

भारत शाम को, अफ्रीका दोपहर में पसीना बहाएगी

दक्षिण अफ्रीका की टीम 2 दिसंबर को दोपहर 1.30 बजे से प्रैक्टिस करेगी, जबकि भारतीय टीम शाम 5.30 बजे नेट्स पर उतरेगी। दोनों टीमों के साथ कुल 30 अधिकारियों और सपोर्ट स्टाफ का दल आया है।

बीसीसीआई ने प्रैक्टिस सेशन को पूरी तरह बंद रखा है। सिर्फ कार्डधारी ही स्टेडियम में प्रवेश कर सकेंगे। इस दौरान रायपुर के 30 स्थानीय खिलाड़ियों को भी नेट्स में रोहित, विराट और अफ्रीकन बल्लेबाजों के सामने गेंद डालने का मौका मिलेगा।

पहली बार स्पाइडर कैमरा, 40 अल्ट्रा एचडी कैमरे भी लगाए जाएंगे

इस बार प्रसारण को बेहतर बनाने के लिए स्टेडियम में पहली बार स्पाइडर कैमरा लगाया जा रहा है। ब्रॉडकास्ट टीम ने मैदान के बीचों-बीच सेटअप शुरू कर दिया है। इसके अलावा स्टेडियम के चारों ओर 40 अल्ट्रा हाई-क्वालिटी कैमरे लगाए जाएंगे। मैदान की बाउंड्री पर स्पॉन्सर्स के अधिकृत विज्ञापन बोर्ड भी लगाए जा रहे हैं। यह सब स्टेडियम को भारत के प्रमुख क्रिकेट वेन्यू की श्रेणी में लाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

फ्री पानी, तय रेट लिस्ट, लेकिन अंदर खाना लाना मना

इस बार दर्शकों को स्टेडियम में 22 बड़े वाटर फिल्टरों की सुविधा मिलेगी। दर्शकों को पानी खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके अलावा खाने-पीने की चीजों की रेट-लिस्ट हर वेंडर को डिस्प्ले करनी होगी ताकि ओवरचार्जिंग न हो। हालांकि, स्टेडियम के अंदर बाहर का खाना, शराब और किसी भी तरह की प्रतिबंधित वस्तु ले जाना पूरी तरह वर्जित है।

सुरक्षा के लिए सीएससीएस और बीसीसीआई ने कड़े फ्रिस्किंग नियम लागू किए हैं। दर्शक किसी भी समय गहन जांच प्रक्रिया से गुजर सकते हैं।

दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए फ्री एंट्री

क्रिकेट संघ ने घोषणा की है कि 3 दिसंबर विश्व दिव्यांग दिवस पर प्रदेश के सभी दिव्यांग खिलाड़ियों को मैच बिल्कुल मुफ्त दिखाया जाएगा। उनके आने-जाने की व्यवस्था भी संघ ही करेगा। यह पहल स्टेडियम में सभी के लिए समान अवसर देने की दिशा में सराहनीय मानी जा रही है।

अब तक दो हाई-वोल्टेज मुकाबले कर चुका है स्टेडियम

रायपुर ने 21 जनवरी 2023 को भारत-न्यूजीलैंड वनडे और 1 दिसंबर 2024 को भारत-ऑस्ट्रेलिया टी-20 की मेजबानी की है। यह तीसरा इंटरनेशनल मुकाबला रायपुर को नेशनल क्रिकेट मैप पर और मजबूत करेगा।

स्टार खिलाड़ियों रोहित शर्मा और विराट कोहली के आगमन ने दर्शकों की उत्सुकता कई गुना बढ़ा दी है और अनुमान है कि मैच के दिन विशाल भीड़ स्टेडियम का माहौल रोमांचक बना देगी।

chatur postDecember 1, 2025
284 3 minutes read
Follow Us
Imprint
Responsible for the content:
chaturpost.com
Privacy & Terms of Use:
chaturpost.com
Mobile website via:
WordPress AMP Plugin
Last AMPHTML update:
03.03.2026 - 04:17:39
Privacy-Data & cookie usage: