
Crime News रायगढ़। एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या का सनसनी खेज मामला सामने आया है। अज्ञात आरोपियों ने घर में घुसकर पति, पत्नी और दो मासूम बच्चों की हत्या कर दी। चारों की लाश घर के पीछे बाड़ी में दफन कर फरार हो गए। घर से बदबू आने पर गुरुवार को पड़ोसियो ने पुलिस को सूचना दी तब मामला सामने आया है। मृतक परिवार बेहद गरीब था। हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
तहसील कार्यालय से 3 किमी दूर हुई वारदात
घटना खरसिया थाना क्षेत्र का है। पुलिस अफसरों ने बताया कि खरसिया तहसील कार्यालय से केवल तीन किलो मीटर दूर स्थित ग्राम ठुसेकेला में यह वारदात हुई है। मृतक परिवार उरांव जनजाति का है। घटना की सूचना मिलने पर एसपी दिव्यांग पटेल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि ऐसा लग रहा है कि हत्या कुल्हाड़ी से की गई है। मृतकों की पहचान बुधराम उरांव (40), उनकी पत्नी सौहद्रा (35), बेटा अरविंद (12), बेटी शिवांगी उरांव (7) के रुप में हुई है। मृतक बुधराम राजमिस्त्री का काम करता था, उसकी पत्नी भी मजदूरी करती थी।
Crime News सोते में ही हत्या किए जाने की आशंका
मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम के अधिकारी ने शवों की स्थिति को देखते हुए इस बात आशंका व्यक्त की कि चारों की हत्या सोते समय की गई है। सिर और गले पर कुल्हाड़ी से वार किया गया है। फिर खींचते हुए बाड़ी में ले गए। बाड़ी में गड्ढा खोदकर सड़े हुए पैरा और गोबर से शवों को ढक दिया गया था। चारों के सिर और गले पर चोट के निशान हैं।
मंगलवार के बाद से नहीं दिखा परिवार
पुलिस की पूछताछ में पड़ोसियों ने बताया कि मंगलवार के बाद से उरांव परिवार का कोई सदस्य नहीं दिखा था। घर बंद था, इस वजह से किसी ने ध्यान नहीं दिया। गुरुवार को अंदर से तेज बदबू आने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस की टीम घटना स्थल पर पहुंची।
Crime News घर के अंदर हत्या, बाड़ी में दफनाया
एसपी दिव्यांग पटेल के मुताबिक गुरुवार सुबह सूचना मिली थी की एक घर में खून के धब्बे दिखे हैं। इसके बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची तो पता चला की पति-पत्नी और दो बच्चों की हत्या की गई है। घर के अंदर ही कुल्हाड़ी से मर्डर करने के बाद पीछे बाड़ी में शव दफनाया गया था।




