Site icon Chatur Post

CSPC चेयरमैन के हाथों उत्कृष्ट सेवा के लिए पुरस्‍कृत हुए 13 विद्युतकर्मी: मिला कैश, पदक और  प्रशस्ति पत्र

CSPC चेयरमैन के हाथों उत्कृष्ट सेवा के लिए पुरस्‍कृत हुए 13 विद्युतकर्मी: मिला कैश, पदक और प्रशस्ति पत्र

CSPC  रायपुर। छत्तीसगढ़ बिजली कंपनी मुख्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 13 बिजली कर्मियों को अध्यक्ष डॉ. रोहित यादव (आईएएस) ने नगद, पदक व प्रशस्ति पत्र से पुरस्कृत किया। तीनों बिजली कंपनियों के उत्कृष्ट कर्मियों का चयन निर्धारित प्रक्रिया से किया गया था।

बिजली उत्‍पादन कंपनी के दो इंजीनियों को  मिला पुरस्‍कार

कंपनी मुख्यालय में 15 अगस्त को आयोजित समारोह में जनरेशन कंपनी के सतीश कुमार रस्तोगी, सहायक अभियंता को मड़वा पावर प्‍लांट 2 के कोल मिल क्र. 2-एच के प्लेनेटरी गियर बाक्स में आई तकनीकी खराबी को ठीक करने के लिए पुरस्‍कृत किया गया। आरके कौशिक, कार्यपालन अभियंता, एचटीपीएस, कोरबा पश्चिम को 4×210 एवं प्रस्तावित 2×660 मेगावॉट की नई परियोजना के लिए आवश्यक पर्यावरण स्वीकृति प्राप्त करने में योगदान के लिए पुरस्कृत किया गया।

CSPC  ट्रांसमिशन कंपनी के इन कर्मियों को किया गया पुरस्‍कृत

ट्रांसमिशन कंपनी के त्रिभुवन जंघेल, परिचारक श्रेणी-एक (लाइन) अति उच्च दाब (संधारण) संभाग, भिलाई को 220 केवी खेदामारा-ठेलकाडीह सर्किट-2 में कंडक्टर हार्डवेयर फेल होने से बाधित बिजली आपूर्ति को बहाल करने।

 इंजोर कुमार साय, कार्यपालन अभियंता, (निर्माण) संभाग, कोरबा को सघन वन क्षेत्र को बायपास करते हुए 132/33 केवी उपकेन्द्र जनकपुर को ऊजीकृत करने के लिए पुरस्‍कृत किया गया।

इसी तरह गणेशराम जायसवाल, कार्यपालन अभियंता (निर्माण) संभाग, बिलासपुर को अति उच्च दाब उपकेन्द्र मस्तुरी और धरदेही के लिये 400 केवी लाईन के निर्माण एवं कोंडातराई-जुर्डा 132 केवी लाइन के निर्माण कार्यों में आ रही रुकावटों को दूर करने के लिए पुरस्कृत किया गया। 

CSPC  वितरण कंपनी के इन कर्मवीरों का हुआ सम्‍मान

वितरण कंपनी के अविनाश कुमार दुबे, सहायक अभियंता (बघेरा उपसंभाग) को बकाया राशि में 48 प्रतिशत की कमी और ट्रांसफार्मर फेल्योर रेट में 5 प्रतिशत से 2.7 प्रतिशत लाने के लिए सम्‍मानित किया गया।

नितेश चन्द्र दुबे तकनीशियन नगर संभाग दक्षिण रायपुर ने आंधी-तूफान के कारण 33 केवी के 9 फीडरों में ब्रेक-डाउन के कारण 12 उपकेन्द्रों एवं 20 उच्चदाब उपभोक्ताओं की बाधित बिजली व्यवस्था को कम समय में बहाल करने के कारण पुरस्कृत किया गया।

केंद्रीय कार्यालय के छह कर्मियों को भी मिला पुरस्‍कार

इसी तरह केंद्रीय कार्यालय स्तर पर 6 कर्मियों को पुरस्कृत किया गया। इनमें जनरेशन कंपनी से पंकज जायसवाल, सहायक प्रबंधक (वित्त एवं लेखा) को पावर फायनेंस कार्पोरेशन की तरफ से 8.7 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर स्वीकृत ऋण की बकाया राशि को 7.48 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर रिफायनेंस कराने के लिए सम्‍मानित किया गया।

बादल वर्मा, सहायक अभियंता (सी.एण्ड आर.ए) को वर्ष 2025-26 की पूंजीगत निवेश योजना याचिका में खर्च की जानकारी का संकलन करने के लिए पुरस्कृत किया गया।

ट्रांसमिशन कंपनी के यूआर मिर्चे, अधीक्षण अभियंता (लाइन) को विधानसभा व लोकसभा प्रश्नों के उत्तर और छत्तीसगढ़ महालेखाकार के ऑडिट-पैराओं का उपयुक्त जवाब समय-सीमा में प्रेषित करने के लिए सम्‍मानित किया गया।

रेखा शर्मा, सहायक अभियंता (भार प्रेषण केन्द्र) को ट्रांसमिशन लॉस की गणना से संबंधित सभी आंकड़ों को दुरूस्त करने के लिए पुरस्कृत किया गया।

डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के दुर्गा चरण पटेल कार्या. सहा. श्रेणी-दो को निविदा संपादित करने, न्यायालयीन प्रकरणों, विधानसभा प्रश्नों की जानकारी को समय सीमा में उपलब्ध कराने के लिए पुरस्‍कृत किया गया।

प्रभाकर उराव, सहायक अभियंता (राजस्व) को डिजिटल और ऑनलाइन भुगतानों व सैप बिलिंग माड्यूल में आवश्यक प्रविष्टि व उपभोक्ता शिकायतों का निराकरण करने हेतु पुरस्कृत किया गया।

इस अवसर पर प्रबंध निदेशक जनरेशन एसके कटियार, ट्रांसमिशन राजेश कुमार शुक्ला और डिस्ट्रीब्यूशन भीमसिंह कंवर व मुख्य अभियंता मानव संसाधन एएम परियल उपस्थित थे।

Exit mobile version