CSPC रायपुर। छत्तीसगढ़ की सरकारी बिजली कंपनी में पुरानी पेंशन योजना और पदोन्नति को लेकर पावर कंपनियों के चेयरमैन व ऊर्जा सचिव डॉ. रोहित यादव ने बड़ी बात कही है। उन्होंने संविदा कर्मियों के लिए भी एक कमेटी गठित करने की जानकारी दी है।
छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ महासंघ और संविदा कर्मचारी संघ की मांग पर पावर कंपनी प्रबंधन ने संविदा लाइन परिचारकों के मानदेय में बढ़ोत्तरी कर दी है। कर्मचारी महासंघ ने अब पुरानी पेंशन स्कीम (ओपीएस), पदोन्नति समेत अन्य मुद्दों के लिए पहल शुरू कर दी है। महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय मजदूर कांग्रेस के अखिल भारतीय मंत्री और विद्युत प्रभारी राधेश्याम जायसवाल के नेतृत्व में पावर कंपनी चेयरमैन डॉ. रोहित यादव से मंत्रालय में मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने संविदा कर्मियों का मानदेय बढ़ाने के लिए आभार जताते हुए ओपीएस, पदोन्नति समेत अन्य मांगों के संबंध में विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल में जायसवाल के साथ महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय तिवारी, कार्यकारी अध्यक्ष तेजप्रताप सिन्हा, महामंत्री नवरतन बरेठ, कार्यालय मंत्री चेतनानंद दुबे, रायपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष परमेश्वर कन्नौजे, कोषाध्यक्ष पवन ओगले शमिल थे।
चर्चा के दौरान चेयरमैन डॉ. यादव ने बताया कि पावर कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन स्कीम की रिपोर्ट प्रबंधन की ओर से तैयार कर ली गई है और शीर्ष स्तर पर लंबित है। शीघ्र ही उच्च स्तर से अनुमोदन उपरांत कार्यवाही की जाएगी। इसी तरह कर्मचारियों की पदोन्नति के लिए 2004 की स्थिति में वरिष्ठता सूची तैयार कर बीओडी से अनुमोदन करा लिया गया है। जल्द ही पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू होगी।
प्रतिनिधि मंडल से चर्चा के दौरान चेयरमैन डॉ. यादव ने बताया कि संविदा कर्मियों के लिए कमेटी का गठन किया जा रहा है। जो परफार्मेंस के आधार पर समीक्षा करते हुए उनके वेतन, भत्ता और भविष्य में नियमितीकरण आदि के संबंध में रिपोर्ट देगी। रिपोर्ट के आधार पर प्रतिवर्ष मानदेय वृद्धि के निर्धारण की कार्यवाही की जाएगी।