CSPC रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज में गणतंत्र दिवस खेल सप्ताह का शुभारंभ प्रबंध निदेशकों ने किया। प्रबंध निदेशक एसके कटियार, राजेश कुमार शुक्ला और भीमसिंह कंवर ने इस मौके पर खिलाड़ियों को शुभकामना दी। साथ ही खेलों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य कर्मचारियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, टीम भावना तथा सकारात्मक कार्यसंस्कृति का विकास करना है। डंगनिया स्थित मुख्यालय परिसर में नए बने मैदान में बल्लेबाजी करके खेल स्पर्धा का विधिवत आगाज किया।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के केंद्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद ने गणतंत्र दिवस खेल सप्ताह का आयोजन 19 से 23 जनवरी तक किया है। इसमें मुख्यालय रायपुर और रायपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विद्युत कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हो रहे हैं। खेल प्रतियोगिताओं का उद्घाटन समारोह के शुभारंभ अवसर पर (जनरेशन कंपनी) एसके कटियार ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि कार्यस्थल पर अनुशासन, सहयोग और सौहार्द को भी बढ़ावा देते हैं।
प्रबंध निदेशक (ट्रांसमिशन कंपनी) आरके शुक्ला ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से कर्मचारियों में बेहतर कार्यसंस्कृति विकसित होती है। खेलों के माध्यम से खेल भावना को बढ़ावा देना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। प्रबंध निदेशक (डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी) भीम सिंह कंवर ने कहा कि खेल स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी होते हैं और तनाव को कम करने में सहायक हैं।
स्वागत भाषण केंद्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के महासचिव एमएस चौहान ने दिया। इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्युत खेल नियंत्रण मंडल के अध्यक्ष केएस मनोठिया, कार्यपालक निदेशकगण संजय पटेल, जेएस नेताम, एमएस कंवर, मुख्य अभियंतागण रजनीश जांगड़े, चंद्रकला गिडवानी और संजीव सिंह उपस्थित रहे।
इस वर्ष आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में टेनिस बाल क्रिकेट, वॉलीबाल, टेबल टेनिस, शतरंज, कैरम, बैडमिंटन, ब्रिज एवं टेनिस बाल थ्रो शामिल हैं। प्रतियोगिताओं में कुल आठ टीमों की भागीदारी है, जिनमें ट्रांसमिशन, जनरेशन एवं डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों के विभिन्न कार्यालय सम्मिलित हैं। उद्घाटन समारोह का संचालन प्रबंधक (जनसंपर्क) गोविंद पटेल ने किया।