
CSPC रायपुर। छत्तीसगढ़ की सरकारी बिजली कंपनियों के स्टाफ को इस महीने से 100 से 200 रुपए वेतन कम मिलेगा। पावर कंपनी प्रबंधन ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। यह कटौती मौजूदा कर्मचारियों के साथ ही पेंशनरों के पेंशन में भी की जाएगी।
इन लोगों से होगी कटौती
दरअसल, पूरा मामला कैशलेस स्वास्थ्य योजना से जुड़ा है। कंपनी प्रबंधन ने कैशलेस योजना की दो श्रेणियों का अंशदान बढ़ाने का आदेश जारी कर दिया है। अंशदान की कटौती हर महीने वेतन और पेंशन से की जाती है। इस वजह से इसका असर हर महीने पड़ेगा।
हजार के स्थान पर 12 सौ की कटौती
कंपनी प्रबंधन की तरफ से जारी आदेश के अनुसार कैशलेस स्वास्थ्य योजना की दो श्रेणियों की अंशदान की राशि बढ़ाई गई है। अभी तक जो मौजूदा कर्मचारी और पेंशनर हर महीने एक हजार रुपए का अंशदान कर रहे थे, अब उन्हें 1200 रुपए देना पड़ेगा।
CSPC 500 के स्थान पर कटेगा 600
इसी तरह अभी तक स्वास्थ्य योजना में हर महीने 500 रुपए का आंशदान करने वाले पेंशनर और मौजूदा कर्मियों को अब 600 रुपए देना होगा। यह आदेश ट्रांसमिशन कंपनी के मानव संसाधन विभाग ने जारी किया है।
सितंबर 2025 से लागू
कंपनी की तरफ से जारी आदेश के अनुसार कैशलेस स्वास्थ्य योजना में अंशदान की बढ़ी हुई राशि सितंबर 2025 से लागू की गई है। ऐसे में अक्टूबर 2025 का वेतन 100 से 200 रुपए कम आएगा।
सितंबर के पहले सप्ताह में हुई थी बैठक
बिजली कंपनी में लागू कैशलेस स्वास्थ्य योजना को लेकर सितंबर के पहले सप्ताह में पावर कंपनी मुख्यालय में एक बैठक हुई थी। इसमें अभियांता और कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ ही पेंशनर भी शामिल हुए थे। बैठक में योजना में सुधार के लिए 10 सुझाव दिए गए थे।
मध्य प्रदेश में 500 और 1 हजार रुपए
पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश की पावर कंपनियों में भी कैशलेस स्वास्थ्य योजना लागू है। बिजली कंपनी के अफसरों के अनुसार वहां 500 रुपए मासिक अंशदान पर 5 लाख, एक हजार रुपए के अंशदान पर 10 लाख और दो हजार रुपए के मासिक अंशदान पर 25 लाख रुपए मेडिकल कवर मिल रहा है।
CSPC पावर कंपनी ने कराया ऑनलाइन सर्वे
छत्तीसगढ़ की बिजली कंपनी ने इस योजना को लेकर पिछले महीने ऑनलाइन सर्वे भी कराया था। इमसें 25 लाख तक की मेडिकल सुविधा के लिए तीन हजार रुपए मासिक अंशदान का प्रस्ताव था।





