CSPC रायपुर। छत्तीसगढ़ की सरकारी बिजली कंपनी के नए मुख्यालय का आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शिलान्यास करेंगे। इस कार्यक्रम के लिए आमंत्रण पत्र बांटा गया है। इस आमंत्रण पत्र पर आधा दर्जन लोगों के नाम है, लेकिन दो महत्वपूर्ण नाम गायब हैं, जो चर्चा का विषय बना हुआ है। इधर, एडिशनल सीई ने भी सभी विभाग प्रमुखों को एक पत्र जारी किया है।
नवा रायपुर के सेक्टर 24 में प्रस्तावित बिजली कंपनी के नए मुख्यालय भवन को बिजली इंजीनियर और कर्मचारी पांच सितारा बता रहे हैं। तीन ब्लॉक में बनने वाला यह भवन नौ मंजिला होगा। प्रारंभिक आंकलन के अनुसार भवन के निर्माण पर दो सौ करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च होगा।
बिजली कंपनी के नए मुख्यालय का आज सुबह साढ़े 10 बजे शिलान्यास होगा। इस कार्यक्रम में बिजली कंपनी के सभी अधिकारी और कर्मचारी शामिल होंगे। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थित सुनिश्चित कराने के लिए कंपनी के एडिशनल सीई (कंपनी मामले) ने परिपत्र जारी किया है। कर्मचारियों को ले जाने के लिए बस की भी व्यवस्था की गई है।
बिजली कंपनी के शिलान्यास के आमंत्रण पर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ जिला के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप का नाम है। कश्यप कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। विशिष्ठ अतिथि के रुप में मंत्री खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, इंद्र कुमार साहू, अनुज शर्मा और मोतीलाल साहू शामिल होंगे।
कंपनी के इस आमंत्रण पत्र पर तीनों पावर कंपनियों के एमडी क्रमश: एसके कटियार (उत्पाद कंपनी) आरके शुक्ला (ट्रांसमिशन कंपनी) और भीमसिंह कंवर ( वितरण कंपनी) का नाम है। इस आमंत्रण पत्र पर कंपनी के अध्यक्षों का नाम नहीं है, जो चर्चा का विषय बना हुआ है। बता दें कि मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और ऊर्जा सचिव डॉ. रोहित यादव कंपनियों के अध्यक्ष हैं।
कार्यक्रम के लिए मीडिया संस्थानों को आमंत्रण नहीं भेजा गया है। किसी भी प्रिंट या इलेक्ट्रानिक मीडिया को आमंत्रण पत्र नहीं भेजा गया है और न ही पावर कंपनी के पत्रकारों वाले वाट्स ग्रुप में ही आमंत्रण पत्र पोस्ट किया गया है।