
CSPDCL रायपुर। छत्तीसगढ़ की सरकारी विद्युत वितरण कंपनी ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कंपनी ने ऐसा कुछ किया है जो देश में इससे पहले किसी और स्टेट की वितरण कंपनी ने नहीं किया है। ऐसे में सीएसपीडीएसल की इस उपलब्धि से दूरे भी सीख लेंगे।
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का है मामला
पावर कंपनी की यह उपलब्धि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से जुड़ी है। इस योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर पैनल लाए जा रहे हैं। केंद्र सरकार की इस योजना में केंद्र के साथ ही राज्य सरकार भी सब्सिडी दे रही है। प्रदेश में इसे तेजी से लागू किया जा रहा है।
जानिए- पीएम सूर्यघर योजना में क्या किया है वितरण कंपनी ने
दरअसल, इस योजना के तहत स्वतंत्र मकान जहां छत मकान मालिक की है, वहां तो इस योजना को बड़े आराम से लागू किया जा रहा है, लेकिन फ्लैट में इसे लागू करने में बड़ी समस्या आ रही थी। दिक्कत यह है कि फ्लैट में छत किसी एक का नहीं होता है, ऐसे में वहां इस योजना को कैसे लागू किया जाए।
CSPDCL ने फ्लैट में लगा दिया सोलर प्लांट
छत्तीसगढ़ की बिजली वितरण कंपनी ने फ्लैट में सोलर प्लांट स्थापित किया है। देश में ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी फ्लैट में सोलर प्लांट लगाया गया है। बिजली कंपनी के अफसरों के अनुसार रायपुर के पार्थिवी पैसिफिक सोसाइटी में सोलर प्लांट की स्थापना की गई है।
लगा 60 किलोवाट का सोलर प्लांट
वितरण कंपनी के अफसरों ने बताया कि पार्थिवी में 132 फ्लैट है, इनमें से 20 ने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत सोलर प्लांट लगाने के लिए आवेदन किया था। कंपनी ने तीन किलो वाट के हिसाब से वहां छत पर 60 किलोवाट का सोलर प्लांट लगा दिया है।
नेट मीटरिंग सिस्टम से जुड़ा है सोलर सिस्टम
सोसाइटी में एक साथ पैनल लगा है, इसलिए कंपनी ने वहां वर्जुअल नेट मीटरिंग सिस्टम की स्थापना की है। सोलर प्लांट की बिजली नेट मीटरिंग के जरिये ग्रिड में चली जाती है। वहीं, हितग्राहियों को ग्रिड से बिजली दी जाती है। नेट मीटरिंग में जिनता रिडिंग आएगा उसे 20 हिस्सों में बांट दिया जाएगा।
अब फ्लैट वालो के लिए खुल गया रास्ता
बिजली वितरण कंपनी के इस सफल प्रयोग से न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश में फ्लैट में रहने वालों के लिए पीएम सूर्यघर योजना में शामिल होना आसान हो गया है। आने वाले समय में कंपनी की इस उपलब्धि की पूरे देश में चर्चा सुनाई दे सकती है।
CSPDCL रायपुर में सफल रहा प्रयोग
इस संबंध में बिजली वितरण कंपनी के चेयरमैन डॉ. रोहित यादव का मीडिया में आए बयान में उन्होंने कहा है कि वर्चुअल नेट मीटरिंग सिस्टम आने के बाद हर फ्लैट सोलर से रोशन हो सकेगा। पहले यह चुनौती होती थी कि एक छत से सभी फ्लैट वालों को कैसे बिजली दी जाए। लेकिन यह प्रयोग रायपुर के एक अपार्टमेंट में सफल हो चुका है।




