Site icon Chatur Post

CSPDCL की MBBS में सक्रिय हुए साइबर ठग: बिल माफ कराने बहाने उड़ा लिए पैसे, ऊर्जा सचिव ने पहले ही किया था अलर्ट

CSPDCL की MBBS में सक्रिय हुए साइबर ठग: बिल माफ कराने बहाने उड़ा लिए पैसे, ऊर्जा सचिव ने पहले ही किया था अलर्ट

CSPDCL रायपुर। छत्‍तीसगढ़ की बिजली वितरण कंपनी की दो दिन पहले शुरू हुई मुख्‍यमंत्री बकाया बिजली बिल समाधान योजना (MBBS) को साइबर ठगों ने अवसर में बदल लिया है। योजना शुरू होने के दूसरे ही दिन बिजली बिल माफ कराने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है।  

राजधानी में 28 हजार की ठगी

बिजली बिल माफ कराने के नाम पर ठगी का मामला राजधानी रायपुर में सामने आया है। यहां कबीर नगर क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक व्‍यक्ति से 28 हजार 520 रुपए की ऑनलाइन ठगी की है। ठगी का शिकार हुए पवन कुमार एक कंपनी में काम करते हैं।

वाट्सएप पर भेजी APK फाइल

पवन कुमार की तरफ से साइबर थाने में दी गई सूचना के अनुसार उन्‍हें वाट्सएप पर मैसेज आया जिसमें एक फाइल थी, कहा गया कि इस फाइल को डाउन लोड करके फार्म भर दो बिजली बिल पूरा माफ हो  जाएगा।

पवन कुमार का दावा नहीं किया डाउन लोड

पवन कुमार का दावा है कि उन्‍होंने एपीके फाइल डाउनलोड नहीं किया, बल्कि उन्‍होंने अपने मोबाइल से फेसबुक और वाट्सएप तुरंत डिलिट कर दिया, इसक बाद भी खाते से पैसे निकल गए।

Mobile फोन किया गया हैक

साइबर क्राइम के जानकारों ने आशंका जाहिर की है कि फाइल न केवल डाउनलोड हो गई, बल्कि मोबाइल फोन भी दो दिन तक हैक रहा। तीसरे दिन मोबाइल फोन पर ऑनलाइन मार्केटिंग प्लेटफार्म फ्लिपकार्ट से किसी चीज की खरीदी और भुगतान से संबंधित मैसेज आया। तब पवन कुमार ने तुरंत सायबर क्राइम पोर्टल और 1930 कॉल करके शिकायत की।

Whats App ग्रुप में भेजी फाइल

जांच में पता चला कि पवन कुमार का मोबाइल फोन हैक करने के बाद सायबर ठगों ने उनके वॉट्सएप ग्रुप में भी एपीके फाइल भेजी। हालांकि अभी तक कोई दूसरा मामला सामने नहीं आया है, लेकिन लोगों को अलर्ट कर दिया गया है।

कबीर नगर में पहले भी हो चुकी है  ठगी

कबीरनगर इससे पहले भी एक व्‍यक्ति को बिजली कनेक्शन कट जाने के नाम से डराकर ठगी की जा चुकी है। साइबर ठगों ने तब एप डाउनलोड कराया गया और उसके जरिये 30-35 रुपए पेमेंट  करने कहा था। ऑनलाइन यह भुगतान करने के बाद प्रार्थीके एकाउंट से करीब एक लाख रुपए निकल गए। इस मामले की शिकायत केन्द्रीय सायबर पोर्टल में की गई है।

 ऊर्जा सचिव ने पहले ही किया था आगाह

बता दें कि योजना की शुरुआत के दिन ही ऊर्जा सचिव डॉ. रोहित यादव ने उपभोक्‍ताओं को साइबर ठगी के प्रति आगह किया था। उन्‍होंने कहा था कि योजना का लाभ लेने के लिए पंजीयन केवल कंपनी की वेबसाइट और मोर बिजली बिल एप के जरिये ही करें। वाट्सप पर आने वाले किसी मैसेज के चक्‍कर में न पड़े।

समाधान योजना का लाभ लेने के लिए केवल यहां करें संपर्क

मुख्‍यमंत्री बकाया बिजली बिल समाधान योजना के लिए केवल कंपनी के अधिकृत वेबसाइट- https://cspdcl.co.in/cseb/ या मोर बिजली एप के माध्‍यम से ही पंजीयन कराएं।

नजदीकी बिजली कार्यालय में जाकर भी वहां योजना के लिए फार्म भरा जा सकता है।

इसके अतिरिक्‍त अपने क्षेत्र के मीटर रीडर से भी संपर्क करके योजना की जानकारी लेने के साथ ही पंजीयन करा सकते हैं।  

शासकीय सेवकों को घर बनाने के लिए 5% ब्याज दर पर 75 लाख का एडवांस:  HBA के लिए प्रस्‍ताव

Exit mobile version