CSPDCL रायपुर। वर्षा ऋतु में बिजली के खंभों, एचटी-एलटी लाइनों, तारों, घरों आदि स्थानों पर करंट से होने वाली दुर्घटनाओं में जानमाल का नुकसान होता है। इसके अनेक कारण होते हैं लेकिन यदि पर्याप्त सावधानी बरती जाए तो इन दुर्घटनाओं और इनसे होने वाली क्षति को रोका जा सकता है। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस संबंध में आम जनता को जागरूक करते हुए एक मार्गदर्शिका जारी की है।
छत्तीसगढ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के कार्यपालक निदेशक संचालन एवं संधारण जेएस नेताम ने जनता को सचेत करते हुए कहा है कि जरा सी असावधानी की वजह से करंट बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है, इसलिए बिजली लाइनों, ट्रांसफार्मर और उपकरणों के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ न करें। सुरक्षित दूरी बनायें रखें। आंधी-तूफान में खंबे, तार आदि टूटे हों, तो इसकी सूचना तत्काल कंपनी के टोल फ्री नं. 1912 पर, मोर बिजली एप या समीप के वितरण केंद्र या जोन कार्यालय में दें।
बिजली खंभों, तारों और ट्रांसफार्मर से रहें दूर
ईडी नेताम ने कहा कि बारिश में बिजली के खंभों, तारों, और ट्रांसफार्मर से दूर रहें और किसी भी क्षतिग्रस्त लाइन या उपकरण को न छुएं। यदि आपको करंट लगने की आशंका है, तो तुरंत बिजली विभाग को सूचित करें। जहां बिजली के तार या उपकरण हो वहां बारिश के पानी में करंट फैल सकता है, इसलिए पानी में न चलें या न तैरें। बिजली के उपकरणों का उपयोग करते समय, सुनिश्चित करें कि आपके पैर सूखे हों और आप रबर या प्लास्टिक के जूते पहने हों।
CSPDCL बिजली कंपनी भी है सतर्क
इस तरह की सावधानियां को ध्यान में रखते हुए बरसात के मौसम में बिजली से सतर्कता बरतनी चाहिए। बरसात के मौसम की शुरुआत के साथ ही बिजली विभाग सतर्क हो गया है। विभाग की तरफ से बारिश से पूर्व सभी फीडरों, ट्रांसफार्मरों और तारों की जांच की जा चुकी है, लेकिन नागरिकों की सतर्कता भी उतनी ही जरूरी है।
बारिश में बिजली दुर्घटना से बचने के लिए क्या करें
बिजली दुर्घटनाओं से बचने के लिए घरों/खेतों आदि में बिजली के गुणवत्तापूर्ण उपकरणों का उपयोग करें। बाड़ी/खेतों की बाढ़ कंटीले तार आदि में करंट प्रवाहित न करें। यह अनाधिकृत है, इससे किसी की जान भी जा सकती है। खेत या बाड़ी के मालिक पर कानूनी कार्यवाही की जा सकती है।
CSPDCL खराबी खुद सुधारने की कोशिश न करें
बिजली लाइनों, उपकरणों, ट्रांसफार्मर आदि में खराबी आने पर अनाधिकृत रूप से उनको सुधारने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में विभाग के संबंधित कर्मचारी/अधिकारी को सूचित करें। बिजली की लाइनों के नीचे और उनके समीप बिलकुल स्थायी या अस्थायी निर्माण ना करें। बिजली लाइनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। यदि बिजली का तार टूटकर जमीन पर गिरा पाया जाता है, तो उससे दूर रहे साथ ही अन्य व्यक्तियों को भी दूर रहने की सलाह दें। इसकी जानकारी तत्काल संबंधित लाईनमेन/कनिष्ठ अभियंता को देकर बिजली बंद कराएं। नदी, नालों, तालाबों आदि में बिजली का तार टूटकर गिरा पाए जाने पर उनके अंदर न जाए, पर्याप्त दूरी बनाए रखें। इसकी सूचना संबंधित लाईन कर्मचारी/कनिष्ठ अभियंता को तत्काल देकर बिजली बंद करावें।
जानलेवा बन सकती है बिजली की चोरी
बिजली लाइनों से सीधे हुकिंग कर बिजली का अनाधिकृत उपयोग न करें, यह खतरनाक हो सकता है। कपड़े सुखाने के लिए बिजली के खंभे और स्टे तार आदि का उपयोग ना करें। कपड़े सुखाने वाले तार की विद्युत उपकरणों/लाइनों से पर्याप्त दूरी रखें। बिजली लाइनों से छेड़छाड़ न करें एवं कटी-फटी सर्विस लाइनों का उपयोग न करें। अस्थायी कनेक्शन के लिए कटे-फटे वायर का उपयोग न करें। पर्याप्त लंबाई की बल्लियों का उपयोग करें, ताकि लाइन की जमीन से पर्याप्त ऊंचाई रहे। बच्चों को विद्युत उपकरणों/लाईनों के आसपास न खेलने दें।
CSPDCL खबरा महसूस होते ही करें यह काम
यदि प्रारंभिक तौर पर खतरा दिखाई पड़े तो पॉवर स्विच से बिजली तुरंत बंद कर दें। यदि स्विच बंद न कर सकें तो दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को सूखी रस्सी, सूखा कपड़ा या सूखी लकड़ी की सहायता से तारों से अलग करें। ऐसा न करने से सहायता करने वाले को भी बिजली का झटका लग सकता है। दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को सूखी जमीन या सूखे फर्श पर लिटाएं और कृत्रिम सांस देकर उसका प्रथम उपचार करें एवं अस्पताल पहुंचाने की शीघ्र व्यवस्था करें।