मुख्य पृष्ठराज्य

CSPDCL की MBBS योजना में 5 दिन में 23 हजार ने कराया बकाया बिजली बिल के समाधान के लिए पंजीयन

CSPDCL रायपुर। छत्‍तीसगढ़ की बिजली वितरण कंपनी ने बिजली बिल बकायादारों के लिए मुख्‍यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना (MBBS) शुरू किया है। इस योजना का 12 मार्च को मुख्‍यमंत्री ने शुभारंभ किया। समाधान योजना के तहत बकायादारों का अधिभार पूरा माफ किया जा रहा है, जबकि मूल बिल की राशि पर भी बड़ी छूट दी जा रही है।

पांच दिन में 23 हजार से ज्‍यादा ने कराया पंजीयन

मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना के तहत 5 दिन में 23,478 बकायादारों ने पंजीयन कराया है। इनमें सबसे ज्यादा बीपीएल उपभोक्ता हैं। इस योजना में बीपीएल श्रेणी के उपभोक्‍ताओं को सबसे ज्‍यादा लाभ मिलने वाला है।

28 लाख से ज्‍यादा उपभोक्‍ता दायरे में

पावर कंपनी के अफसरों के अनुसार इस योजना के दयारे 28 लाख 42 हजार उपभोक्‍ता आ रहे हैं। योजना घरेलु, कृषि और बीपीएल उपभोक्ताओं के लिए शुरू की गई है। इन उपभोक्‍ताओं पर 1567 करोड़ रुपए बकाया है।

पंजीयन के लिए 10 प्रतिशत भुगतान करना होगा

योजना में शामिल होने के लिए बकायादारों को न केवल पहले पंजीयन कराना होगा, बल्कि बकाया बिल की 10 फीसदी राशि का भुगतान करना होगा। पांच दिन में 23,478 बकायादारों ने योजना में शामिल होने के लिए पंजीयन करा लिया है। इनमें कृषि के 1373, घरेलू के 8488 और बीपीएल बकायादारों की संख्या 13,617 है।

समाधान योजना 30 जून तक ही

समाधान योजना 30 जून तक ही प्रभावशील रहेगी। योजना के दायरे में बीपीएल के 12.20 लाख, घरेलू के 10.57 लाख और कृषि बकायादारों की संख्या 1.65 लाख हैं। कंपनी प्रबंधन द्वारा योजना के लिए शिविर भी लगाए जाएंगे। इस योजना में मीटर रीडरों की अहम भूमिका रहेगा। लिहाजा उपभोक्ताओं से बकाया बिल का भुगतान कराने वाले मीटर रीडरों को भी विशेष प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

केवल तीन तरह से होगा पंजीयन

बिजली कंपनी की तरफ से बताया गया है कि योजना के लिए केवल तीन तरह से ही पंजीयन होगा। योजना का लाभ लेने के लिए कंपनी की अधिकृत बेबसाइट, मोर बिजली एप और बिजली कार्यालय में पंजीयन होगा।

साइबर फ्राड से अलर्ट रहने की अपील

बिजली कंपनी प्रबंधन ने स्‍पष्‍ट किया है कि पंजीयन के लिए कंपनी की तरफ से वाट्सएप या अन्‍य किसी भी माध्‍यम से कोई लिंक नहीं भेजा जाएगा। कंपनी प्रबंधन ने अपील की है कि उपभोक्‍ता किसी भी तरह से साइबर ठगों के झांसे में न आएं।

Back to top button