CSPDCL रायपुर। छत्तीसगढ़ की सरकारी बिजली वितरण कंपनी ने अपने खास कर्मचारियों और अफसरों का सम्मान किया। इनमें 40 गांवों की बिजली बहाल करने के लिए उफनती नदी पार करने वाले लाइनमैन व अन्य स्टाफ भी शामिल थे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कंपनी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एमडी भीमसिंह कंवर ने उल्लेखनीय योगदान देने वाले मैदानी और कार्यालयीन कर्मचारियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में निदेशक आरए पाठक, कार्यपालक निदेशक जेएस नेताम, एसके गजपाल, एम जामुलकर, रामायण नामदेव, संदीप वर्मा, चंद्रकला गिडवानी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
बिजली वितरण कंपनी में उल्लेखनीय कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत करने की परंपरा रही है। हर साल स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस के अवसर पर तीनों कंपनियों में सम्मान समारोह का आयोजन किया जाता है। इसमें उपभोक्ता सेवा के क्षेत्र समेत अन्य कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को पदक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वितरण कंपनी के एमडी भीमसिंह कवर ने पावर कंपनी के स्टाफ की सराहना की। उन्होंने कंपनी के मैदानी कर्मचारियों की विशेष रुप से सराहना की। कहा कि मैदानी कर्मचारियों की जीवटता और समर्पण की वजह से ही हम अपने 64 लाख उपभोक्ताओं को निबार्ध बिजली आपूर्ति कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि काम में रिस्क है, यह जानते हुए भी मैदानी कर्मचारी उपभोक्ता हितों को सर्वोपरि रखते हुए काम करते हैं।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एमडी कंवर ने जिन कर्मियों को सम्मानित किया उनमें भानुप्रातपपुर वितरण केंद्र के छह कर्मचारी भी शामिल थे। इन कर्मचारियों के काम की चर्चा पूरे प्रदेश रही। घटना 6 जुलाई की है। भारी बारिश के बीच ब्रेक डाउन होने से अंतागढ़ फीडर में शामिल 40 गावों की बिजली गुल हो गई।
लाइन ठीक करने निकले बिजली कर्मियों के रास्ते में खण्डी नदी आ गई, जो पूरी तरह उफान पर दी। इन कर्मियों ने सीढी समेत अन्य उपकरणों के साथ नदी तैर कर पार किया और तीन घंटे के भीतर बिजली बहाल कर दी। लाइन परिचारक भोजराम लोधी, लालचंद साहू, बलराम नेताम, बहुर सिंह लाटिया, खिलेश्वर और ओमप्रकाश स्वर्ण शामिल हैं।
सम्मानित होने वालों सुनील कुमार खरे, अधीक्षण अभियंता (Superintending Engineer), भंडार एवं क्रय ( रायपुर), दुर्गेश कुमार जाटवर, जूनियर इंजीनियर (Junior engineer) (कोटगढ़, अकलतरा), अंजूलता गोयल, कार्यालय सहायक श्रेणी –एक, एचआर (रायपुर) और जितेन्द्र जैन, कार्यालय सहायक श्रेणी –एक क्षेत्रीय कार्यालय ( दुर्ग) शामिल हैं।