
CSPGCL रायपुर। छत्तीसगढ़ की सरकारी बिजली कंपनी में दुर्घटना में घायल हुए ठेका श्रमिक की इलाज के दौरान मौत हो गई है। दुर्घटना कोरबा स्थित पावर प्लांट में हुआ। इस घटना में ठेका श्रमिक के साथ एक इंजीनियर भी घायल हुआ है। दोनों को इलाज के लिए रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
एचटीपीपी में दो सप्ताह पहले हुई थी दुर्घटना
बिजली कर्मियों के अनुसार दुर्घटना कोरबा स्थित हसदेव थर्मल पावर प्रोजेक्ट में हुआ था। वहां करंट की चपेट में आने से जूनियर इंजीनियर आकाश कुजूर और ठेका श्रमिक सुरेंद्र साहू गंभीर रुप से झुलस गए थे। दोनों की गंभीर स्थित को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर कर दिया गया।
CSPGCL लाइव ब्रेकर छूने की वजह से हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि दुर्घटना लाइव ब्रेकर छूने की वजह से हुआ। दुर्घटना के दौरान जूनियर इंजीनियर आकाश कुजूर और श्रमिक सुरेंद्र साहू नजदीक खड़े थे। इसकी वजह से दोनों गंभीर रुप से झुलस गए।
निजी अस्पताल में चल रहा था इलाज
गंभीर रुप से झुलसे जूनियर इंजीनियर कुजूर और ठेका श्रमिक सुरेंद्र साहू को अगले दिन रायपुर स्थित एक निजी अस्पताल में लाकर भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान शुक्रवार की रात में ठेका श्रमिक सुरेंद्र साहू की मौत हो गई है।
कंपनी ने गठित की जांच कमेटी, पुलिस में एफआईआर
दुर्घटना की जांच के लिए कंपनी प्रबंधन की तरफ से जांच कमेटी बनाए जाने की घोषणा की गई है। वहीं, दर्री पुलिस ने भी इस मामले में एफआईआर दर्ज की है। घटना की वजह से ठेका श्रमिकों में नाराजगी है। श्रमिकों का आरोप है कि दुर्घटना लापरवाही के कारण हुई है।




