CSPGCL रायपुर। छत्तीसगढ़ की सरकारी बिजली उत्पादन कंपनी में कर्मचारियों की पदोन्नति अटक गई है। ऐसा जिम्मेदार अफसरों की लापरवाही के कारण हुआ है। कंपनी के अफसरों ने अब तक ग्रेडेशन लिस्ट ही तैयार नहीं किया है। इधर, पदोन्नति के लिए जारी डेडलाइन खत्म हुए 15 दिन बीत गए हैं। इससे पदोन्नति का इंतजार कर रहे कर्मचारियों का सब्र जवाब देने लगा है।
पूरा मामला उत्पादन कंपनी में अनुविभागीय अधिकारी से लेखा अधिकारी/प्रशासनिक अधिकारी के पद पर पदोन्नति का है। कंपनी की तरफ से सभी श्रेणी के पदों पर पदोन्नति के लिए 30 अप्रैल की तारीख तय की गई थी।
इस समय सीमा में इंजीनियरों और अधिकारियों के प्रमोशन आर्डर जारी हो गए हैं, लेकिन अनुविभागीय अधिकारियों की पदोन्नति का आदेश अब तक जारी नहीं हो पाया है।
पदोन्नति का इंतजार कर रहे अनुविभागीय अधिकारियों में एक महिला भी शामिल हैं। वरिष्ठता क्रम में पहले नंबर पर उनका नाम है और इसी महीने वे सेवानिवृत्त होने वाली हैं।
इस बीच पदोन्नति आदेश जारी न होने से नाराज कर्मचारियों ने अरुण देवांगान के नेतृत्व में बुधवार को मानव संसाधन विभाग के अफसरों से मुलाकात कर विरोध दर्ज कराया। साथ ही पूरे मामले की एमडी और चेयरमैन से शिकायत करने की भी बात कही।
कर्मचारियों की नाराजगी के बाद आज अनुविभागीय अधिकारी से लेखा अधिकारी के पद पर पदोन्नति का सिंगल आर्डर जारी हुआ है। यह आर्डर लता कृष्ण कुमार का है। लता कृष्ण कुमार इसी महीने सेवानिवृत्त होने वाली हैं। माना जा रहा है कि यह आर्डर कर्मचारियों के दबाव में जारी किया गया है, लेकिन बाकी लोगों को पदोन्नति के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।