
CSPTCL रायपुर। बहरासी (जनकपुर) जिला मनेंद्रगढ़ में आज (3 जुलाई 2025) को नवनिर्मित 1×40 एमवीए, 132/33 केवी उपकेंद्र को प्रबंध निदेशक, छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी आरके शुक्ला ने ऊर्जीकृत किया। इस उपकेंद्र व संबंधित पारेषण लाइन का निर्माण 22.50 करोड़ रुपए की लागत से किया गया।
सघन वनक्षेत्र में बिछाई 100 किमी की लाइन
सघन वनक्षेत्र होने के कारण यहां 100 किमी लंबी लाइन बिछाने पर बहुत सारे वृक्षों को काटना पड़ता इससे बचने के लिए बहरासी के पास से निकलने वाली मध्य प्रदेश पारेषण कंपनी की 132 केवी अमरकंटक राजमिलान के माध्यम से 132 केवी सप्लाई प्राप्त की गई है। इस तरह वन बचाते हुए की गई व्यवस्था से नया उपकेंद्र ऊर्जीकृत होने से जनकपुर तहसील के लगभग 142 गांवों के 15 हजार बिजली उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलेगी।
CSPTCL मिलेगी लो वोल्टेज की समस्या से मुक्ति
जनकपुर तहसील के विद्युत उपभोक्ताओं को वर्तमान में बिजली की आपूर्ति मनेंद्रगढ़ से 33 केवी लाइन से हो रही थी जो कि 100 किमी लंबी है। सघन वन क्षेत्र में स्थित होने के कारण लो-वोल्टेज की व फॉल्ट की स्थिति में लंबे विद्युत व्यवधान की समस्या बनी रहती थी। इस उपकेंद्र के ऊर्जीकृत होने से बिजली प्रदाय की स्थिति में सुधार होगा।

मध्य प्रदेश की मदद से हुआ काम
इस उपकेंद्र के लिए 132 केवी लाइन राज्य में स्थित 132 केवी मनेंद्रगढ़ उपकेंद्र से लाने में सघन वन क्षेत्र में वृक्ष विदोहन करना पड़ता अतः पर्यावरण को दृष्टिगत रखते हुए बहरासी के पास से निकलने वाली मध्य प्रदेश पारेषण कंपनी की 132 केवी अमरकंटक राजमिलान के माध्यम से 132 केवी सप्लाई प्राप्त की गई है। इस कार्य में एमपीपीटीसीएल व एमपी पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशकों व अधिकारियों का विशेष सहयोग मिला ।
CSPTCL कार्यक्रम में ये रहे शामिल
इस कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक संजय पटेल, वीके दीक्षित, कल्पना घाटे, मुख्य अभियंता संजय तिवारी, यशवन्त शिलेदार, अति मुख्य अभियंता पी गोसाई, एसके दुबे, अधीक्षण अभियंता राजेश लकड़ा, कंवर और वितरण और पारेषण कंपनी कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता उपस्थिति थे।




