Site icon Chatur Post

CSPTCL ने बढ़ाई हाईटेंशन सब-स्टेशन की क्षमता: 150 से अधिक गांवों के घरेलू, कृषि व औद्योगिक उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ

CSPTCL ने बढ़ाई हाईटेंशन सब-स्टेशन की क्षमता: 150 से अधिक गांवों के घरेलू, कृषि व औद्योगिक उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ

CSPTCL  रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी निरंतर और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति के लिए प्रदेश में लगातार पारेषण क्षमता का विस्तार कर रही है। इसी कड़ी में 132/33 केवी उपकेन्द्र झलप में नए 63 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर का सफल ऊर्जीकरण किया गया।

महीनेभर से कम समय में पूरा हुआ काम

इस कार्य को एक महीने से भी कम समय में पूरा करने में सफलता प्राप्त की गई।  इस क्षमता विस्तार से लगभग 150 गांवों में गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति हो सकेगी। इस क्षेत्र में उन्नत खेती के साथ कृषि संबंधी उद्योग और अन्य औद्योगिक इकाईयां संचालित हैं।

योजनाबद्ध तरीके से किया जा रहा है काम: एमडी

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने इस पॉवर ट्रांसफार्मर को ऊर्जीकृत कर सप्लाई आरंभ की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह के निर्देशन में प्रदेश में पारेषण नेटवर्क को मजबूत बनाने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।

इन क्षेत्रों पर फोकस

प्रबंध निदेशक शुक्ला ने बताया कि आदिवासी, वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों पर भी फोकस किया जा रहा है। इसी के तहत 132/33 के.वी. उपकेन्द्र झलप (महासमुंद) में 40 एमवीए के पॉवर ट्रांसफार्मर के स्थान पर नवीन 63 एमवीए का पॉवर ट्रांसफार्मर का ऊर्जीकृत किया गया। 

छह करोड़ की लागत से हुआ तैयार

एमडी शुक्ला ने बताया कि इस उपकेंद्र की लागत लगभग 6 करोड़ रुपए है। नए ट्रांसफार्मर के समावेश से उपकेंद्र की क्षमता 120 से बढ़कर 143 एमवीए हो गई है। झलप उपकेन्द्र में 220 केवीए की परसवानी लाइन के साथ ही 132 केवीए बसना, सांकरा, बागबाहरा व एकमी सोलर की लाइन आती है। साथ ही 33 केवीए के नौ फीडर से सप्लाई होती है, जिनमें झलप, पिथौरा, रायतुम, बावनकेरा, चिटको, नारटोरा, तांदुकोना व ढाक फीडर से 150 से अधिक गांवों में विद्युत आपूर्ति की जाती है।

शुभारंभ के अवसर पर ये रहे मौजूद

इस अवसर पर मुख्य अभियंता अब्राहम वर्गीश, अतिरिक्त मुख्य अभियंता आरके तिवारी, अधीक्षण अभियंता वायके मनहर, पीके गढ़ेवाल, धनेश देवांगन, विक्रम मंधान, रवि चंद्राकर, कार्यपालन अभियंता प्रशांत साहू, विंध्याचल गुप्ता, भुनेश्वर दीवान, पंचूराम वर्मा, सहायक अभियंता प्रदीप साहू, लता जगत, राजेंद्र चौहान, नारायण प्रसाद लोधी और दीपक सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे। इस उपलब्धि से क्षेत्र के कृषकों एवं उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता की विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी तथा ग्रामीण अंचलों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

Exit mobile version