CSPTCL रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन बहाली के लिए प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उच्च प्रबंधन से मंजूरी के तत्काल बाद इसे लागू कर दिया जाएगा। वहीं संविदा कर्मियों को राष्ट्रीय अवकाश पर ड्यूटी करने पर अतिरिक्त वेतन देने का भी आदेश शीघ्र जारी किया जाएगा।
बिजली कर्मचारियों की विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ महासंघ के प्रतिनिधियों की मंगलवार को पावर कंपनीज के तीनों एमडी के साथ विस्तार से चर्चा हुई। इसमें कई मांगों पर सहमति बनी।
मुख्य मुद्दा पुरानी पेंशन बहाली के संबंध में प्रबंधन की ओर से बताया गया कि पुरानी पेंशन बहाली के लिए प्रक्रिया अंतिम चरण में है। ड्राफ्ट तैयार कर कंपनी की तरफ से उच्च प्रबंधन को भेजा जा चुका है। स्वीकृति मिलते ही इसे लागू किया जाएगा। इस संबंध में पूर्व में भी चेयरमेन ने आश्वस्त किया था।
संविदा कर्मियों को राष्ट्रीय अवकाश में ड्यूटी करने पर अतिरिक्त वेतन देने आदेश शीघ्र जारी किया जाएगा। साथ ही आंदोलन और स्वास्थ्यगत कारणों के कारण लंबी छुट्टी व एलडब्ल्यूपी के प्रकरण का निराकरण किया जाएगा। साथ ही वार्षिक वेतन वृद्धि और अन्य लाभ के लिए कमेटी गठन किए जाने पर सहमति बनी।
पीएम सूर्यघर योजना के तहत अपने आवासीय परिसर में सोलर रूफ टॉप नहीं किए जाने पर बंद 50 फीसदी छूट को चालू करते हुए महासंघ द्वारा तृतीय और चतुर्थ कर्मचारियों को सेकंड स्टेज में रखने की बात रखी गई। इस पर प्रबंधन की ओर से परीक्षण कराने व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों 50 फीसदी छूट और सेकंड स्टेज में रखने के लिए सहमति व्यक्त की गई।
बैठक में कंपनी प्रबंधन की ओर से प्रबंध निदेशक ट्रांसमिशन आरके शुक्ला, प्रबंध निदेशक डिस्ट्रीब्यूशन भीम सिंह कंवर और प्रबंध निदेशक जनरेशन एस के कटियार सहित तीनों कंपनी के महाप्रबंधक, उपमहाप्रबंधक मौजूद रहे। वहीं महासंघ की ओर से अखिल भारतीय विद्युत मजदूर महासंघ के उपमहामंत्री हरीश चौहान, महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष संजय तिवारी, कार्यकारी अध्यक्ष तेज प्रताप सिन्हा, महामंत्री नवरतन बरेठ, उपाध्यक्ष मनीष कुमार क्षत्रिय, कार्यालय मंत्री चेतनानंद दुबे, कोषाध्यक्ष कोमल देवांगन, प्रांतीय संगठन मंत्री पीयूष सिन्हा व रायपुर शहर के क्षेत्रीय अध्यक्ष परमेश्वर कन्नौजे शामिल हुए।
बैठक में प्रबंधन की ओर से बताया गया कि नई भर्ती के लिए प्रक्रिया अंतिम चरण में है। विज्ञापन शीघ्र जारी किए जाएंगे। इसके साथ ही विभागीय भर्ती के लिए भी जल्द विज्ञापन निकाला जाएगा।
विभागीय परीक्षा उत्तीर्ण शेष बचे हुए आईटीआई कर्मचारियों को नवसृजित वितरण केंद्रों और उपसंभाग में रिक्तियों की जानकारी लेकर शीघ्र पदोन्नति के लिए सहमति बनी।
सभी पदों की लिए कैरियर प्लानिंग और रि-स्ट्रक्चरिंग के लिए शीघ्र ही कमेटी गठन कर कार्यवाही की जाएगी। जनरेशन की मांगों के संबंध में भूस्थापित कर्मचारियों का 10000 से 5000 की डिप्रेशन करने की कार्यवाही के लिए एच आर को निर्देशित किया गया।