
CSPTCL रायपुर। छत्तीसगढ़ की पावर ट्रांसमिशन कंपनी शेयर मार्केट में लिस्टिंग की तैयारी में है। यानी कंपनी शेयर बाजार के जरिये फंड जुटाने जा रही है। इस फैसले से कर्मचारी संगठनों में रोष है, कर्मचारी नेता इसे कंपनी के निजीकरण की साजिश बात रहे हैं।
सरकार के सामने हो चुका है प्रेजेंटेशन
बताया जा रहा है कि पावर ट्रांसमिशन कंपनी का शेयर जारी करने को लेकर सरकार के सामने प्रेजेंटेशन हो चुका है। सूत्रों के अनुसार 19 जनवरी को मंत्रालय में इसको लेकर बैठक हो चुकी है। इस पर सरकार की तरफ से सहमति भी मिल गई है।
ऊर्जा सचिव और एमडी ने क्या कहा
पावर ट्रांसमिशन कंपनी के शेयर मार्केट में लिस्टिंग की तैयारी के संबंध में ऊर्जा सचिव डॉ. रोहित यादव और ट्रांसमिशन कंपनी के एमडी राजेश शुक्ला की प्रतिक्रिया सामने आई है। ऊर्जा सचिव डॉ. रोहित यादव इस वक्त प्रदेश से बाहर है। चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनाव के लिए उन्हें आब्जर्वर नियुक्ति किया है।
शेयर मार्केट में लिस्टिंग की तैयारी में CSPTCL! उत्पादन और वितरण कंपनी जारी करेगी बांड, बोर्ड की बैठक कल
ट्रांसमिशन कंपनी के शेयर मार्केट में लिस्टिंग के सवाल पर उन्होने कहा कि इस संबंध में एमडी ट्रांसमिशन पूरी जानकारी देगें।
वहीं, एमडी ट्रांसमिशन राजेश शुक्ला ने पहले सवाल को टालने का प्रयास किया, फिर कहा कि कंपनी के स्तर पर अभी कोई पहल नहीं की गई है। शासन के स्तर पर कोई प्रस्ताव होगा तो उसकी जानकारी नहीं है।
पूरी हो चुकी है तैयारी
इस बीच ऊर्जा विभाग से जुड़े सूत्रों के अनुसार कंपनी के आईपीओ की तैयारी पूरी हो चुकी है। शेयर मार्केट में लिस्टिंग की तैयारी पूरी हो चुकी है, लेकिन कर्मचारियों के विरोध की आशंका को देखते हुए अभी इसमें गोपनीयता बरती जा रही है।
बोर्ड की बैठक पर सस्पेंस
सोमवार को प्रस्तावित कंपनी के बोर्ड की बैठक को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। बताया जा रहा है कि ऊर्जा सचिव के बाहर होने के कारण बोर्ड की बैठक टल गई है। लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। कंपनी के अफसर इस विषय में कोई भी जानकारी देने से बच रहे हैं।







