October 18, 2024

Chatur Post

केवल सरोकार की खबर

Dhan Kharidi 2024: छत्‍तीसगढ़ में धान खरीदी की तारीख तय, जानिए..कब से होगी धान की खरीदी…

1 min read
CG Dhan Kharidi: धान खरीदी का लक्ष्यर तय: जानिए..इस बार कब से शुरू होगी धान की खरीदी

Dhan Kharidi 2024: रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में इस बार सरकार ने किसानों से समर्थन मूल्‍य पर रिकार्ड तोड़ धान खरीदी करने का फैसला किया है। किसानों से कितना धान खरीदा जाएगा और खरीदी कब से शुरू की जाएगी, इसक फैसला सरकार कर चुकी है। मंत्रिमंडल की बैठक के बाद इसकी औपचारिक घोषणा भी कर दी जाएगी।

खाद्य मंत्री दयालदास बघेल की अध्‍यक्षता में धान खरीदी के लिए मंत्रिमंडलीय उपसमिति का गठन किया गया है। पिछले दिनों इस समिति की बैठक मंत्रालय में हो चुकी है। इसमें धान खरीदी के लक्ष्‍य के साथ बारदाना आदि की व्‍यवस्‍था पर विस्‍तार से बात हो चुकी है। मार्कफेड इस बार जूट के साथ ही पॉलस्टिक के बारदाना भी खरीद रहा है।

खरीफ सीजन 2024 में किसानों से कितनी होगी धान की खरीदी

छत्‍तीसगढ़ में इस बार मानसूनी बारिश अच्‍छी हुई है। इससे धान की पैदावार भी इस बार ज्‍यादा होने की उम्‍मीद की जा रही है। इसे देखते हुए सरकार ने इस बार समर्थन मूल्‍य पर धान खरीदी का भी बड़ा लक्ष्‍य तय किया है। मंत्रिमंडलीय उपसमिति ने 1 लाख 60 हजार टन धान खरीदी का अनुमानित लक्ष्‍य रखा है।

Dhan Kharidi 2024: कब से शुरू होगी धान की खरीदी

मंत्रिमंडलीय उपसमिति ने समर्थन मूल्‍य पर धान खरीदी शुरू करने की संभावित तारीख 15 नवंबर तय की है। हालांकि इस पर अंतिम फैसला मंत्रिमंडल की बैठक में ली जाएगी। 15 नवंबर से धान खरीदी की तारीख को लेकर राजनीति शुरू हो गई है। कांग्रेस 1 नवंबर से धान की खरीदी शुरू करने की मांग कर रही है।

जानिए.. छत्‍तीसगढ़ में धान क्‍यों है सबसे बड़ा मुद्दा

छत्‍तीगसढ़ में धान बड़ा मुद्दा है। धान का सीजन हो या न हो इसको लेकर पूरे साल राजनीति और बयानबाजी चलती रहती है। इसकी बड़ी वजह यह है कि छत्‍तीसगढ़ की प्रमुख फसल धान ही है। खरीफ सीजन में छत्‍तीसगढ़ के 75 प्रतिशत से ज्‍यादा किसान केवल धान की खेती करते हैं।

समर्थन मूल्‍य पर धान बेचने के लिए पंजीयन कराने वाले किसानों की संख्‍या 24 लाख से अधिक है। 24 लाख किसान का मतबल है, 24 लाख परिवार। यह बहुत बड़ा वोट बैंक है, इसी वजह से इसको लेकर राजनीति होगी। धान छत्‍तीसगढ़ के किसानों की आय का सबसे बड़ा जरिया है। इसी कारण धान की समर्थन मूल्‍य पर खरीदी शुरू होने के साथ ही बाजारों में तेजी आ जाती है।

Dhan Kharidi 2024: जानिए..छत्‍तीसगढ़ में सरकार किस भाव से खरीदेगी धान

छत्‍तीसगढ़ में सरकार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से धान खरीदेगी। इसमें केंद्र से घोषित समर्थन मूल्‍य का भुगतान धान बेचने के एक- दो दिनों के भीतर कर दिया जाएगा, जबकि बाकी अंतर की राशि राज्‍य सरकार बाद में देगी। छत्‍तीसगढ़ की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार 2200 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से धान खरीदती थी।

भाजपा ने 2023 के अपने चुनावी घोषणा पत्र में 3100 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से धान खरीदी का वादा किया था। सत्‍ता में आते ही भाजपा ने इसी दर पर किसानों को भुगतान करना शुरू कर दिया। इस बार भी राज्‍य के किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से ही धान खरीदी की जाएगी।

Copyright © All rights reserved. | Developed & Hosted By: Simpli Life .