Dhan Kharidi रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी धान खरीदी केंद्रों के डाटा इंट्री ऑपरेटर फिर आंदोलन की राह पर हैं। डॉटा इंट्री ऑपरेटरों ने इस संबंध में सरकार को नोटिस भी सौंप दी है। फिलहाल ऑपरेटर एक दिन का सांकेतिक आंदोलन करेंगे।
छत्तीसगढ़ समर्थन मूल्य धान खरीदी कप्यूटर ऑपरेटर संघ के प्रदेश अध्यक्ष ऋषिकांत मोहरे ने बताया कि संघ की तरफ से एक दिवसीय सांकेतिक आंदोलन की सूचना सरकार को दे दी गई है। इस आंदोलन में प्रदेशभर के धान खरीदी केंद्रों के कम्प्यूटर ऑपरेटर शामिल होंगे।
समर्थन मूल्य धान खरीदी कप्यूटर ऑपरेटर संघ अपनी दो सूत्रीय मांग को लेकर 18 अगस्त को नया रायपुर के तूता में एक दिवसीय धरना देने की घोषणा की है। इस संबंध में संघ की तरफ से खाद्य विभाग के सचिव के साथ सहकारिता विभाग के सचिव, सहकारी संस्थाओं के पंजीयक व आयुक्त, मार्कफेड व अपेक्स बैंक के एमडी समेत अन्य लोगों को इस आंदोलन की लिखित सूचना दी गई है।
समर्थन मूल्य धान खरीदी कप्यूटर ऑपरेटर संघ ने अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। उनकी मांगों में आउटसोर्सिंग के जरिये डाटा इंट्री ऑपरेटरों की नियुक्ति पर रोक लगाने और मौजूदा आपरेटरों को नियमित करने की मांग शामिल हैं।
संघ के अध्यक्ष ऋषिकांत मोहरे, संयोजक विद्याशंकर यादव, प्रदेश संयोजक संतोष साहू व नरेश साहू ने बताया कि आउटसोर्सिंग व एजेंसी के जरिये डाटा इंट्री ऑपरेटरों की नियुक्ति की प्रक्रिया चलाई जा रही है। इसके लिए मार्कफेड की तरफ से टेंडर जारी कर दिया गया है। संघ की तरफ से इस प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि समर्थन मूल्य धान खरीदी कप्यूटर ऑपरेटर 2007 से संविदा में काम कर रहे हैं। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में अपने घोषणा पत्र जिसे मोदी की गारंटी के नाम से जारी किया गया था, उसमें संविदा कर्मियों को नियमित करने का वादा किया है। संघ की तरफ से सरकार ने इस वादे को पूरा करने की मांग की जा रही है।